कुश्ती व इससे जुड़ी बड़ी हस्तियां लगातार विवाद में उलझी हुई हैं। साक्षी मलिक ने अब पाेस्ट किया है कि बृजभूषण के चमचों ने एक बार भी न तो बृजभूषण का विरोध किया और न ही कुश्ती संघ का। इनका मकसद सिर्फ महिला पहलवानों और उनके समर्थकों पर कीचड़ उछालना है।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष के बाद बजरंग पूनिया और विशाल कालीरमण की बीच कुश्ती को लेकर चल रहे विवाद में अब ओलंपियन साक्षी मलिक भी उतर आई हैं। महिला पहलवान ने सोशल मीडिया पर एक चैनल पर कालीरमण के परिजनों की ओर से दिए साक्षात्कार की क्लिप व दूसरी ओर कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से कोर्ट में सौंपी चार्जशीट से संबंधित एक समाचार पत्र की कटिंग लगाकर पोस्ट डाली है।
विज्ञापन
साक्षी मलिक ने कहा कि इतना भी नहीं गिरना चाहिए कि बहन बेटियों का शोषण करने वाले बृजभूषण का समर्थन करने लगो। यह वे लोग हैं जो खुलेआम बृजभूषण को क्लीन चिट दे रहे हैं जबकि दिल्ली पुलिस कोर्ट में उस पर लगे आरोपों को अपनी जांच में सही बता रही है। हम धरने पर बैठे थे।
हरियाणा के कई गद्दार लोग बृजभूषण से गुप्त मीटिंग करने गए थे। हमें उसी दिन समझ आ गया था कि बृजभूषण हरियाणा में महिला पहलवानों की लड़ाई को कमजोर करने के लिए एक स्थायी विरोधी धड़ा तैयार कर रहा है। बृजभूषण के चमचों ने एक बार भी न तो बृजभूषण का विरोध किया और न ही कुश्ती संघ का। इनका मकसद सिर्फ महिला पहलवानों और उनके समर्थकों पर कीचड़ उछालना है।