रोहतक। खेतों में गेहूं की फसल लगभग पक चुकी है। तीन चार दिन में कटाई भी शुरू हो जाएगी। उम्मीद है कि अप्रैल के पहले सप्ताह से मंडियों में नए गेहूं की आवक हो जाएगी। ऐसे में किसानों ने भी अपने बचे हुए पुराने गेहूं का स्टॉक निकालना शुरू कर दिया है। उन्हें उम्मीद है कि पुराने गेहूं का उन्हें अच्छा दाम मिलेगा, लेकिन उनकी ये उम्मीद पूरी होती नजर नहीं आ रही। वीरवार को अनाज मंडी में प्राइवेट आढ़ती के यहां अच्छी क्वालिटी का पुराना गेहूं 2060 रुपये प्रति क्विंटल बिका, जबकि किसान कम से कम 2300 रुपये क्विंटल की उम्मीद लगाए था।
वहीं प्राइवेट आढ़त पर आया करीब तीन क्विंटल हल्की क्वालिटी का पुराना गेहूं 1970 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बिका। उधर, खराब मौसम के कारण उत्पादन कम हुआ है साथ ही फसलों से गेहूं भी कम निकल रहा है, जिससे किसनों की चिंता बढ़ गई है। अमर उजाला टीम ने शहर की अनाज मंडी का दौरा कर हाल जाना।
किसान बोले- ज्यादा भाव मिलने की आस में लेकर आए थे पुराना गेहूं
मैंने घर के लिए पिछले साल कुछ गेहूं रोका था। उसमें से कुछ बच गया। बीच में 2200 रुपये प्रति क्विंटल का भी भाव हुआ, लेकिन और तेजी की उम्मीद में उस समय गेहूं नहीं बेचा। वीरवार को अनाज मंडी में आढ़ती के यहां गेहूं बेचा। यहां भी बोली हुई लेकिन 2060 रुपये प्रति क्विंटल से ऊपर की बोली किसी ने नहीं दी। मजबूरन इसी भाव में गेहूं बेचना पड़ा।
- नरेंद्र, सुनारिया
पिछले साल गेहूं 1950 रुपये क्विंटल बिका था। थोड़ा सा घर के लिए बचाया था। घर में प्रयोग के बाद जो गेहूं बचा था उसे आढ़त पर लाकर बेचा है। उम्मीद थी कि नए गेहूं का सरकारी रेट 2015 रुपये है इसलिए पुराना गेहूं 2200 से अधिक मिलेगा लेकिन 2060 का भाव ही रहा। बोली लगी थी इसलिए इसी भाव में बेचा।
- राजेश, सुनारिया
इस बार बारिश की वजह से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। इस बार बाजार में गेहूं का भाव भी अधिक मिलने की उम्मीद नहीं है। पुराना गेहूं कम से कम 200 रुपये क्विंटल अधिक बिकना चाहिए था लेकिन केवल 45 रुपये अधिक मिला है। नई फसल आने पर भाव और कम होने का डर है।
- राजू, सुनारिया
कोट
कुछ किसान अपना बचा हुआ पुराना गेहूूं बेचने ला रहे हैं। वीरवार को बोली से पुराना गेहूं 2060 रुपये क्विंटल की दर से बिका है। हल्की गुणवत्ता का पुराना गेहूं 1970 रुपये प्रति क्विंटल बिका है। नया गेहूं आने में अभी समय लगेगा। उम्मीद है कि अप्रैल के पहले सप्ताह से मंडी में नए गेहूं की आवक शुरू हो जाएगी।
विरेंद्र कुमार, आढ़ती, नई अनाज मंडी