लापरवाह अधिकारियों की अब खैर नहीं। डीसी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाली समस्याओं पर अधिकारी तुरंत संज्ञान लेकर उनको दूर करें। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीसी नरेंद्र कुमार वीरवार को समाधान शिविर में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डीसी धीरेंद्र खड़गटा के अवकाश पर जाने के बाद कार्यभार संभाल रहे डीसी नरेंद्र कुमार ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मानसरोवर पार्क व शहर में अन्य स्थानों पर अनधिकृत रूप से फ्लैक्स-बैनर लगाने वालों के खिलाफ संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्रवाई करें। बैठक में एसडीएम आशीष वशिष्ठ, डीडीपीओ राजपाल चहल व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे पहले डीसी ने शिविर में आई 17 शिकायत सुनीं और अधिकारियों को उनके निपटारे की हिदायत दी।
....
साधारण कागज पर लिखकर ला सकते हैं शिकायत, टाइप कराने की जरूरत नहीं
डीसी नरेंद्र कुमार का कहना है कि आम लोग अपनी समस्या साधारण कागज पर भी लिखकर ला सकते हैं। कंप्यूटर ऑपरेटर से टाइप करवाने की जरूरत नहीं है। अधिकारी साधारण कागज पर लिखी शिकायत पर भी पूर्ण कार्रवाई करेगा। हर रोज सुबह 10 से 12 बजे के बीच जिला विकास भवन में स्थित डीआरडीए के सभागार में समाधान शिविर लगाया जा रहा है। उपमंडल स्तर तथा नगर निगम कार्यालय में भी समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।