संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। जिला अधिकारिता बोर्ड की बैठक में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने हीट वेब से बचाव की तैयारी की समीक्षा की। डीसी ने कहा कि अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में पानी के मटके रखवाएं ताकि लोग अपनी प्यास बुझा सकें।
उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी अधिक लोग एकत्रित होते हैं, वहां पर सीएसआर फंड से प्याऊ स्थापित करवाई जाए। बिजली निगम के एसई जोगिंदर हुड्डा ने बताया कि गर्मियों में बिजली की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए जिले में ट्रांसफार्मर बैंक बनाया गया है। इसमें अतिरिक्त 50 ट्रांसफार्मर रखे गए हैं और बिजली क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं को मजबूत किया गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 30 अप्रैल को नहरी पानी की सप्लाई शुरू होगी। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नहरी पानी आते ही सभी जलघरों को भरा जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों के लिए भी पीने के पानी की उचित व्यवस्था की जाए।
बैठक में सीएम विंडो और समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, महेंद्रगढ़ के एसडीएम अनिल यादव, नांगल चौधरी के एसडीएम मनोज कुमार, कनीना के एसडीएम डॉ. जितेंद्र सिंह, नारनौल के एसडीएम रमित यादव और नगराधीश मंजीत कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।