जिला विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त अजय कुमार । विज्ञप्ति
रोहतक। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि अधिकारी सीएम विंडो, सीपीग्राम, सरल पोर्टल इत्यादि को गंभीरता से लें और विभागीय लक्ष्यों को पूरा करें। अधिकारी विभागों के बीच आपसी तालमेल को बेहतर करें ताकि कम समय में कार्यों को निपटाया जा सके। उपायुक्त जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हाॅल में ऑफिसर्ज बोर्ड की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को कहा कि वह साइबर जागरूकता कार्यक्रम के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करें। पुलिस विभाग द्वारा इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह साइबर राहगिरी का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसके तहत 14 टीमें गठित की गई हैं। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना एवं परिवार पहचान पत्र की समीक्षा करते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान करवाया जाए। जिला परिषद द्वारा संचालित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। खरावड़ गांव में गोबरधन योजना के तहत सामुदायिक गोबर गैस प्लांट का 70 प्रतिशत कार्य हो चुका है। भाली आनंदपुर गांव में ग्रामीणों द्वारा ट्रेक्टर ट्राली से घर-घर से कचरा एकत्रित किया जा रहा है।
अभी तक 38 हजार 520 जॉब कार्ड किए जारी
जिले में अभी तक 38 हजार 520 जॉब कार्ड जारी किए गए है तथा 49 तालाबों की सफाई करवाई गई है। 1853 स्वयं सहायता समूह कार्यरत है। सिंचाई विभाग द्वारा सभी 65 नहरों की सफाई का 90 प्रतिशत कार्य मनरेगा के तहत करवाया जाता है। ड्रेनों की सफाई 30 जून तक करवा दी जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 600 किलोमीटर सीवर की सफाई शुरू की गई है, जिससे 30 जून तक पूरा करवा दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से आयुष्मान भारत योजना तथा पीसीपीएनडीटी के तहत की गई रेड की जानकारी ली। जिले में अब तक 2 लाख 99 हजार 640 गोल्डन कार्ड बनाये जा चुके है तथा पीएनडीटी के तहत गत दिसंबर माह तक 74 छापे मारे गए। कोविड-19 संक्रमण पर नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
डीटीपी की ओर 60 एकड़ भूमि से अनाधिकृत कब्जा व अवैध कॉलोनी हटाई गई है। खनन विभाग द्वारा 7 एफआईआर दर्ज की गईं है तथा 62 वाहन जब्त किए गए। इनसे एक करोड़ 29 लाख 85 हजार रुपये की रिकवरी की गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अंतर्गत जिले में 34 गैस एजेंसियों के 3 लाख 77 हजार 386 कनेक्शन हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत 26 हजार 209 कनेक्शन जारी किए गए हैं। समाज कल्याण विभाग द्वारा एक लाख 28 हजार 514 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा 133 लाभार्थियों को सीआरएम योजना के तहत कृषि अवशेष प्रबंधन उपकरण अनुदान पर दिलवाए हैं। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा 10 एमएलडी क्षमता के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पूर्ण कर दिया गया है तथा 10 एमएलडी एसटीपी के अपग्रेडेशन का कार्य जारी है। सेक्टर 26, 27 व 28 में पेयजल आपूर्ति के लिए 8 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी।