जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को दो नवजात, स्टाफ नर्स, बैंक कर्मी, शिक्षिका, अधिवक्ता, कपड़ा व्यापारी समेत 28 नये मरीजों की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के जारी हेल्थ बुलेटिन में अब तक जिले में संक्रमितों की संख्या 1187 पहुंच गई है, जबकि 20 लोगों की जान जा चुकी है। राहत की बात है कि अभी तक 926 मरीज ठीक हो चुके हैं।
जिले में 241 एक्टिव मरीज हैं जिसमें से 80 पीजीआईएमएस में उपचाराधीन हैं जबकि 161 होम आइसोलेट किए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला के अनुसार पीजीआईएमएस की वायरोलॉजी लैब पर जिले के सैंपलों की संख्या कम हो गई है। इसलिए अब जल्दी रिपोर्ट मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग रोजाना आधे से अधिक सैंपलों की जांच एंटीजन किट से कर रहा है। एंटीजन किट की जांच रिपोर्ट महज आधे घंटे में आ जाती है। इसका लाभ यह है कि टीम को हॉटस्पॉट एरिया में भेज कर सभी लोगों की जांच करवा ली जाती है।
यहां-यहां मिले संक्रमित
गढ़ी बोहर का पांच साल का बच्चा, जनता कॉलोनी का बुजुर्ग, कैलाश कॉलोनी में दिल्ली निजी होटल का कर्मचारी, टिटौली में गृहिणी, सुखपुरा चौक पर गृहिणी, कलानौर में सेवानिवृत्त कर्मी, समरगोपालपुर में डेढ़ माह का बच्चा, हुडा कांप्लेक्स में नौकरी पेशा, हरिनगर में गृहिणी, देव कॉलोनी में पीजीआईएमएस की स्टाफ नर्स, आसन का छात्र, जवाहर नगर में यूनियन बैंक गोहाना शाखा का कर्मचारी, कृष्णा कॉलोनी में दिल्ली रानी बाग का कपड़ा व्यापारी, पेचपरस राम में बच्चा, आर्य नगर का दुकानदार, प्रेम नगर की गृहिणी, छात्र व शिक्षिका, झज्जर रोड पर दो छात्रा, गृहिणी व एक बुजुर्ग, शौरी मार्केट का कपड़ा व्यापारी व दुप्पटा स्टोर संचालक, सैनिकपुरा का वकील व एक अन्य मरीज संक्रमण की चपेट में आए हैं।