जिला विकास भवन में स्टाल का शुभारंभ करते उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार। अमर उजाला
- फोटो : RohtakCity
महम सहकारी चीनी मिल के उत्पाद अब लोगों को शहर में उपलब्ध होंगे। मिल के जैगरी प्लांट के उत्पादों का स्टॉल जिला विकास भवन में खोला गया है। बुधवार को उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने इसका शुभारंभ किया। पहले ग्राहक के तौर पर पांच किलो गुड़ भी खरीदा।
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि लोगों को मिलावट व केमिकल रहित उत्पाद उपलब्ध करवाना सरकार व सहकारिता विभाग का लक्ष्य है। इसी लिए मिल में जैगरी प्लांट की स्थापना की गई है, जहां मसाला, क्यूब व पेड़ी गुड़ के अलावा शक्कर का उत्पादन किया जा रहा है। जल्द ही मिल के उत्पाद लोगों तक पहुंचाने के लिए स्टॉल लगाने की जगह चिन्हित की जाएंगी। उत्पादों के बाजार तक पहुंचने से मिलों को आर्थिक लाभ होगा, उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। बेशक इस बाजार में प्रतिस्पर्धा है लेकिन केमिकल रहित शुद्ध चीज के लिए लोग कीमत चुकाने को तैयार हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का यह प्रयास रहेगा कि मिल में तैयार गुड़-शक्कर को प्रदेश से बाहर यमुना पार आदि इलाकों में भेजा जाए। जिस तरह से यमुना पार से गुड़-शक्कर यहां बेचे जा रहे हैं। ये उत्पादन एमेजॉन, फ्लिपकार्ट आदि ऑनलाइन खाद्य पदार्थ सप्लाई करने वाली कंपनियों के माध्यम से भी लोगों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। मिल की प्रबंध निदेशक मेजर गायत्री अहलावत ने बता कि मिल ने अब तक 6450 किलोग्राम गुड़ व शक्कर की बिक्री कर साढ़े चार लाख रुपए प्राप्त किए हैं। इस वर्ष मिल द्वारा 31.50 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की जा चुकी है। किसानों को 21 फरवरी 2021 तक 69.36 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। इस अवसर पर मिल के बोर्ड के सदस्य व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।