महम। शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका की ओर से घरों से कूड़ा उठान प्रणाली में रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (आरएफआईडी) तकनीक लागू की जा रही है। योजना के तहत नपा सदस्यों ने घर-घर टैग लगाने शुरू कर दिए हैं।
नगर पालिका सचिव नवीन नांदल ने बताया कि इसके तहत एजेंसी की ओर से के प्रत्येक वार्ड में प्रत्येक घर/दुकान/संस्थान पर आरएफआईडी टैग लगाए जा रहे हैं। इसे एजेंसी की गाड़ी घर, दुकान या संस्थान से कूड़ा उठाने आएगी, तक इसे स्कैन किया जाएगा। स्कैनिंग के बाद संबंधित जानकारी एसडब्ल्यूएम पोर्टल पर स्वतः दर्ज हो जाएगी। इससे यह आसानी से ज्ञात किया जा सकेगा कि कहां सफाई टीम नहीं पहुंची है।
सफाई शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों को आदेश दिए गए कि वह वार्ड क्षेत्र में प्रत्येक घर पर टैग लगाना सुनिश्चित करें। नगर पालिका उप प्रधान बसंत लाल गिरधर व मनोनीत पार्षद ऋषि भारद्वाज ने नागरिकों से टैग अवश्य लगवाने की अपील की। इस माैके पर पालिका अभियंता अशोक कुमार, कनिष्ठ अभियंता अनिल, सफाई निरीक्षक ब्रह्मजीत सिंह, पार्षद विनोद गोयल, मनोनीत पार्षद मीना वाल्मिकी व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।