रोहतक। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर असमंजस का माहौल जारी है। एक तरफ जहां पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम के तहत 16 सितंबर को प्रधान, उप प्रधान, सचिव व दूसरे पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की तारीख है। दूसरी तरफ काउंसिल द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारी एडवोकेट अरविंद श्योराण ने मंगलवार को काउंसिल को पत्र भेजकर ऑनलाइन चुनाव कराने पर खामियों के प्रति अवगत कराया है। हालांकि चुनाव अधिकारी का कहना है कि बार काउंसिल जो निर्णय लेगी, वह उनको मंजूर होगा।
पंजाब एवं हरियाणा बार कौंसिल ने एक अक्तूबर को प्रदेश के अंदर बार चुनाव कराने का निर्णय लिया था। इसके तहत 16 सितंबर से ऑनलाइन नामांकन दाखिल किए जाने हैं। रोहतक बार के चुनाव के लिए एडवोकेट अरविंद श्योराण को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था। श्योराण ने सोमवार को सूचना जारी की है कि 12 सितंबर को चुनाव कमेटी की बैठक हुई थी, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय हुआ था कि हाउस की बैठक बुलाई जाए। ऑनलाइन चुुनाव को लेकर जो हाउस निर्णय लेगा, वहीं मान्य होगा। इसी के चलते प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो ने सोमवार को हाउस की बैठक बुलाई। चुनाव अधिकारी के मुताबिक हाउस में वकीलों की राय ली गई। तय हुआ कि ऑनलाइन चुनाव में खामियां हैं। इसलिए ऑनलाइन चुुनाव न करवाए जाएं। उनका कहना है कि मंगलवार को उन्होंने काउंसिल को हाउस के निर्णय से अवगत करवा दिया है। इसके लिए स्पेशल वकील पंचकूला भेजा गया है। अगर बुधवार सुबह 10 बजे तक कोई आदेश आते हैं तो ठीक है नहीं तो नामांकन पत्र लिए जाएंगे।
---
पूर्व चुनाव कार्यक्रम के तहत बुधवार को नामांकन दाखिल किए जाएंगे, लेकिन मंगलवार को काउंसिल को बताया गया है कि हाउस के वकीलों की राय है कि ऑनलाइन चुनाव में काफी खामियां हैं। ऐसे में जिला बार हाउस नहीं चाहता कि ऑनलाइन चुनाव करवाए जाएं। अब काउंसिल के आदेश बुधवार को सुबह 10 बजे तक आ जाते हैं तो ठीक नहीं तो नामांकन पत्र लिए जाएंगे।
-एडवोकेट अरविंद श्योराण, चुनाव अधिकारी जिला बार एसोसिएशन।
...........
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल ने 1 अक्तूबर को ऑनलाइन चुुनाव कराने का कार्यक्रम जारी कर रखा है। मैं बुधवार को अपना नामांकन पत्र चुुनाव अधिकारी के पास जमा करवाऊंगा। साथ ही एक प्रति बार काउंसिल को भी भेजेंगे। ताकि मेरे नामांकन पर पारदर्शिता बनी रहे।
-उमेश भारद्वाज, पूर्व प्रधान जिला बार एसोसिएशन।
.......
बार के नियमों के तहत लगातार तीसरी बार प्रधान पद का चुनाव नहीं लड़ा जा सकता। मैं लगातार दूसरी बार प्रधान हूं। जहां तक ऑनलाइन चुुनाव का सवाल है, हाउस के अंदर वकील असहमति जता चुके हैं। इस संबंध में चुनाव अधिकारी को एक दिन पहले अवगत करवा दिया गया था।
-लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो, प्रधान जिला बार।
.........
पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मीटिंग हुई थी। उसमें रोहतक बार के चुुनाव को लेकर कोई मंत्रणा नहीं हुई है। पहले से तय कार्यक्रम के तहत 16 सितंबर से नामांकन किए जाने हैं। काउंसिल की तरफ से अभी कोई नया ऑर्डर नहीं जारी किया गया है।
-एडवोकेट बिजेंद्र अहलावत, सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल।