संवाद न्यूज एजेंसी
सांपला। झज्जर रोड मार्ग स्थित महिला बाल विकास निगम कार्यालय (सीडीपीओ) में मिले फैक्टरी कर्मी श्याम लाल के परिवार का मंगलवार शाम तक भी सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सांपला की प्लाईवुड फैक्टरी में काम करने वाले साथी कर्मचारियों को सौंप दिया।
पुलिस ने एक दिन बाद भी हत्या का केस दर्ज नहीं किया है। इधर, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सीडीपीओ कार्यालय में सोमवार सुबह मिले 45 वर्षीय श्याम लाल के शव के मामले में मंगलवार को भी खास कार्रवाई नहीं हुई। हत्या कर शव कार्यालय में फेंककर भागने वाले का सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस के मुताबिक, जेब से मिली डायरी में लिखे नंबरों से उसकी पहचान यूपी के सीतापुर निवासी श्याम लाल के रूप में हुई थी, हालांकि आधिकारिक पुष्टि परिजनों के आने पर ही हो पाएगी।
परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन दोनों नंबर उसके साथ काम करने वाले साथियों के मिले। साथियों की ओर से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।