लंबे प्रयास के बाद तिलियार मिनी जू में शेर के बाड़े के लिए भेजे गए
प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। शेर का नया बाड़ा करीब दो करोड़ की लागत से
तैयार होगा। जू प्रबंधन शेर का नया जोड़ा लाने की तैयारी में भी जुटा है।
तिलियार
मिनी जू के एकमात्र शेर (सौरभ) की सितंबर में मौत हो गई थी, तभी से शेर का
बाड़ा खाली पड़ा है। यह बाड़ा नियमों पर खरा भी नहीं उतरता है। इसलिए
प्रबंधन ने शेर के नए जोड़े की तैयारियों के साथ-साथ नया बाड़ा बनाने के
लिए भी प्रस्ताव भेजा था।
प्रस्ताव में भेजे गए अनुमानित एक करोड़ 93 लाख
के बजट को अथारिटी ने मंजूरी दे दी है। जल्दी ही बाड़े का निर्माण शुरू
होने की उम्मीद है। नए बाड़े को सेंटर जू अथारिटी के नियमानुसार बनाया
जाएगा। खास बात यह रहेगी कि नया बाड़ा करीब दो हजार स्क्वायर मीटर का होगा,
जिसमें एक साथ दो शेर रह सकेंगे।
शनि के बाड़े में लगा रूम हिटर, रोजाना हो रहा चेकअप
सौरभ
की मौत के बाद अब प्रबंधन तेंदुए (शनि) को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरतना
चाहता, क्योंकि फिलहाल जू में केवल शनि ही पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र
है। इसलिए सर्दी से बचाने के लिए शनि के बाड़े में हीटर लगा दिया गया है।
चिकित्सकों की टीम भी प्रतिदिन उसका चेकअप कर रही है।
नए
बाड़े को जू अथारिटी के नियमानुसार बनाया जाएगा। बजट मिलने पर कार्य शुरू
कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि जू में जल्दी ही शेर का जोड़ा भी आ जाएगा।
- श्याम सुंदर कौशिक, डिवीजन वर्ल्ड लाइफ ऑफिसर।