‘सशक्त बेटी-सशक्त भारत’ यात्रा का मंगलवार को रोहतक पहुंचने पर जोरदार
स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया और भाजपा महिला मोर्चा की
प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सुमन के साथ कार्यकर्ताओं ने यात्रा की अगवानी की।
यह यात्रा रोहतक से गोहाना, पानीपत, समालखा होते हुए सोनीपत पहुंचेगी।
सोनीपत से कुंडली होते हुए 14 जनवरी को राजघाट पर संपन्न होगी। समापन अवसर
पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्यातिथि होंगे।
प्रदेश के गिरते
लिंगानुपात को सुधारने के लिए प्रदेश के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पंचकूला
से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ‘सशक्त बेटी-सशक्त भारत’ यात्रा का
उद्घाटन किया था।
यह यात्रा पंचकूला से अंबाला, यमुनानगर, इंद्री, करनाल,
कुरुक्षेत्र, पेहवा, कैथल, जींद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी,
गुड़गांव, फरीदाबाद, बहादुरगढ़, झज्जर होते हुए रोहतक पहुंची। इस अवसर पर
जिला महामंत्री राजबीर आर्य, पंकज आनंद, पंकज अरोड़ा, ज्योत्सना रोहिल्ला,
कपिल नागपाल, नमन चोपड़ा, अनिल नांदल, कुलविंद्र सिक्का, अशोक खुराना, मयंक
गांधी, शशि सुरलिया के अलावा अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
879 से ऊपर ले जाएंगे बेटियों की संख्या
इस
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया ने कहा कि प्रदेश में लिंगानुपात की
स्थिति एक हजार लड़कों के मुकाबले लड़कियों की संख्या 879 तक पहुंच गई है।
सरकार का प्रयास रहेगा कि यह संख्या इससे ऊपर पहुंचे।
वर्ष 2005 के बाद
लिंगानुपात की स्थिति में लगातार गिरावट आती रही और वर्ष 2012 में यह
संख्या 832 पहुंच गई थी। इस यात्रा में हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश से
150 लड़कियां भाग ले रही हैं। ये लड़कियां अपने माता-पिता की सहमति से
यात्रा को सफल बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं।