फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महम में कटेगा सेक्टर, सस्ते मकान भी मिलेंगे

Fri, 13 Nov 2015 01:03 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने रोहतक-महम-हांसी रेल लाइन बनवाने का वादा किया तो महम के लिए भी कई सौगात दी। उन्होंने हुडा का एक सेक्टर और प्रदेश सरकार की अफोर्डेबल हाउसिंग योजना के तहत लोगों को मकान देने के लिए कांप्लेक्स बनवाने का वादा किया। वे बृहस्पतिवार को विश्वकर्मा जयंती पर हुए कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान खट्टर ने रोहतक-हांसी में देरी के लिए प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
विज्ञापन


इस दौरान खट्टर ने कहा कि पुरानी कांग्रेस सरकार ने इतने गड्ढे खोद दिए हैं, जिनको वे भरने में लगे हैं। पिछली सरकार ने रोहतक-महम-हांसी रेल लाइन की बात कही थी और उसका पत्थर भी रखा गया, लेकिन उस पर कुछ काम नहीं किया गया। कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से यह वादा भी कर दिया कि अब वह इस रेल लाइन को जरूर बनवाएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश वालों के लिए सौभाग्य की बात है कि रेलमंत्री ने निंदाना को गोद ले रखा है। जिसके विकास के लिए 50 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत है।

महम के लिए कई सौगात मुख्यमंत्री के पिटारे से निकले, जिनमें हुडा सेक्टर, अफोर्डेबल हाउसिंग कांपलेक्स बनवाने की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि इसमें लोगों को 1500 से 2000 रुपये प्रति वर्ग फुट पर लोगों को जगह मिलेगी। प्रदेश सरकार का 2022 तक पूरे हरियाणा में एक लाख सस्ते मकान बनाने का लक्ष्य है। फसलों का मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार तय होता है, लेकिन प्रदेश सरकार खुद फसल का न्यूनतम मूल्य तय करेगी और सरकार ने पहली बार धान की 1509 किस्म को खुद खरीदा है।
विज्ञापन

 सीएम ने भिवानी रोड से अग्रसेन स्कूल होते हुए बस स्टैंड तक, राजीव चौक से काठमंडी होते हुए झज्जर रोड तक और इमलीगढ़ वाटर वर्क्स से भिवानी रोड तक की सड़क को पक्का करने की घोषणा की। उन्होंने जल्द ही महम के अस्पताल में कार्डियोलॉजी मशीन और चिकित्सक उपलब्ध करवाने और महम में पशु अस्पताल खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गोशाला के लिए दान दी गई भूमि की चारदीवारी करवाने व शेड लगवाने की घोषणा की। मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए कुम्हार समाज को जरूरत के अनुसार पंचायत की भूमि से मिट्टी उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।

पिछली सरकार ने अयोग्य को बैकडोर से भर्ती किया    
लोगों ने सीएम से कन्या महाविद्यालय बनाने की मांग रखी, जिस पर उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का भवन सरकार तुरंत बनवा देगी। लेकिन महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी को दूर करना मुश्किल होगा, क्योंकि पिछली सरकार ने अयोग्य लोगों को बैकडोर से भर्ती कर लिया और इन भर्तियों में भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया गया। सरकारी नौकरी करने वाले व्यक्ति को 35 साल काम करना होता है। अगर ये लोग योग्य होंगे तो आने वाली पीढ़ी भी योग्य होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में शिक्षागत ढांचे की जरूरत को आंकने के लिए मैपिंग कराई जा रही है और जिससे उन सभी जगह शैक्षणिक जरूरतों को सही किया जा सके।

धर्मशालाओं पर धन वर्षा
सीएम ने विश्वकर्मा धर्मशाला के लिए 31 लाख, जांगिड़ ब्राह्मण धर्मशाला के लिए 23 लाख रुपये दिए। इसके अलावा भगवान विश्वकर्मा पांचाल, दक्ष प्रजापति कुम्हार धर्मशाला, स्वर्णकार धर्मशाला, जोगी धर्मशाला, स्वामी शिवानंद धर्मार्थ चिकित्सालय एवं आश्रम सहित सात धर्मशालाओं को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने हलके के दस बड़े गांवों में ग्राम सचिवालय बनवाने की बात कही, जिससे लोगों को गांव में ही सरकारी कार्यों से संबंधित सभी सुविधाएं मिलेंगी।

सुंदर रचनाएं विश्वकर्मा की देन
इस दौरान सीएम खट्टर ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की परिकल्पना की वजह से संसार का वर्तमान स्वरूप मनोहारी है। मानव मात्र ने अचंभित करने वाली रचनाएं बनाईं हैं, ये भगवान विश्वकर्मा की देन हैं। कार्यक्रम में सीएम को विश्वकर्मा जांगिड़ समाज की तरफ से रामचंद्र जांगड़ा ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता और विधायक मनीष ग्रोवर को भी शॉल भेंट किए गए।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें