फरीदाबाद। फरीदाबाद के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अब इलेक्ट्रिक वाहन की पढ़ाई होगी। आईटीआई की ओर से इस संबंध में डिमांड भेजी जाएगी। शिक्षकों की मानें तो वर्तमान में इसकी ज्यादा मांग है। तकनीकी क्षेत्र में आ रहे बदलाव को देखते हुए यह कोर्स शुरू करने की तैयारी की जा रही है, ये विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे।
एनआईटी-5 ट्रेनिंग ब्रांच इंचार्ज कविता ने बताया कि शहर के 9 आईटीआई में करीब 1200 विद्यार्थी पढ़ते हैं। विद्यार्थियों को इलेक्ट्रीशियन, टूल एंड डाई मेकर, मैकेनिस्ट डुअल, मैकेनिस्ट ग्रींडर, एसएसए (हिंदी/अंग्रेजी) फिटर, मैकेनिक डीजल डुअल, वेल्डर और मैकेनिक सहित अन्य विषय पढ़ाए जा रहे हैं। आईटीआई के इन कोर्स के लिए कम से कम दसवीं और बारहवीं कक्षा में 35 फीसदी अंक होने चाहिए। इस साल विद्यार्थियों को नए कोर्स सीखने का मौका मिलेगा। आईटीआई में सबसे ज्यादा ब्यूटीशियन, सोलर और इलेक्ट्रिक वाहन संबंधित कोर्स की मांग है। प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों की मांग के अनुसार नए कोर्स शुरू किए जाते हैं।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे
वर्तमान में इलेक्ट्रिक इंजन और ऑटोमेटिक मशीन मैकेनिक मांग बढ़ गई है। तकनीक के क्षेत्र में आए इस बदलाव को देखते हुए आईटीआई ने बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। युवाओं का भी इस ओर आकर्षण बढ़ रहा है। सड़कों पर अब पेट्रोल और डीजल के मुकाबले इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने लगी है। वाहन बढ़ेंगे तो समस्याएं और उन्हें दूर करने वाले मैकेनिक की भी मांग बढ़ेगी। ऐसे में आईटीआई में इलेक्ट्रिक वाहन से संबंधित कोर्स शुरू किए जाएंगे। आने वाले समय में इन कोर्स में रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। जो शहर में पाली, उंचा गांव (महिला), ओल्ड फरीदाबाद में दो, फतेहपुर बिल्लौच, तिगांव, मोहना, सिकरौना और एनआईटी-5 में आईटीआई के 9 सेंटर चल रहे हैं। आईटीआई के इन कोर्स के लिए कम से कम दसवीं और बारहवीं कक्षा में 35 फीसदी अंक होने चाहिए। प्रतिवर्ष जुलाई में दाखिला प्रक्रिया शुरू होती है। दाखिला सहित अन्य जानकारी विद्यार्थी आईटीआई की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।