संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने युवाओं से राष्ट्रीय कॅरिअर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रम एवं रोजगार कार्यालय के तहत संचालित यह पोर्टल युवाओं, नियोक्ताओं, कौशल प्रदाताओं और कॅरिअर काउंसलरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करता है।
उपायुक्त ने बताया कि युवा एनसीएस पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण कर देश-विदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इस पोर्टल की खास बात यह है कि युवा एआई आधारित रिज्यूम तैयार कर सकते हैं। एआई इंटरव्यू कोच की मदद से इंटरव्यू की तैयारी भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल केवल युवाओं के लिए ही नहीं बल्कि कंपनियों और संस्थानों के लिए भी उपयोगी है। विभिन्न संस्थान यहां भर्ती प्रक्रिया के लिए योग्य उम्मीदवारों तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा डीजी सक्षम जैसे कार्यक्रमों के तहत माइक्रोसॉफ्ट सहित कई कंपनियों की ओर से युवाओं को निशुल्क कौशल प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।