रोहतक। पहलगाम हत्याकांड के बाद रोहतक शहर में रह रहे उत्तर प्रदेश व मध्यप्रदेश के मुस्लिम परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
खरावड़ में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां कुछ लोगों पर पिछले करीब पांच साल से रह रहे एक मुस्लिम परिवार को गांव छोड़ने की धमकी देने का आरोप है। इसके बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि, जिला प्रशासन व पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके का मुआयना किया व परिवार को सुरक्षित माहौल देने का विश्वास दिलाया।
खरावड़ में मुरादाबाद व इंदौर से दो परिवार करीब पांच साल से रह रहे हैं। यहां वे कबाड़ी का काम कर रहे हैं। किराये पर रहने वाले इन लोगों काे कुछ लोगों ने गांव छोड़ने की धमकी दी है। वहीं, किराये पर मकान देने वालों को भी मकान खाली कराने के लिए कहा है। ऐसे में यह परिवार दहशत में है। हालांकि, परिवार के ज्यादातर सदस्य अपने मूल निवास पर गए हुए हैं। वहां पिछले दिनों शादी समारोह था। अभी परिवार में कुछ सदस्य यहां पर हैं। मुरादाबाद निवासी बाबू अली ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने हमें जाने के लिए कहा है। सामान बांध लिया है, चले जाएंगे। इस बारे में 112 नंबर पर पुलिस को भी सूचना दी है। संवाद