सुनिता की गोली मार कर हत्या के बाद पीजीआई के ट्रामा में पहुंचे परिजन और पुलिस कर्मी।
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। गांव खरावड़ के नजदीक स्कूटी सवार भांजी की अज्ञात हमलावरों ने कनपटी पर गोली मार दी, जबकि स्कूटी गिरने के कारण उसकी मामी घायल हो गई। उपचार के दौरान भांजी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर आईएमटी थाना पुलिस समेत सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। देर रात तक वारदात के कारणों का पता नहीं चल सका।
सांपला की देव कॉलोनी निवासी सुनीता (45) शनिवार को अपनी मामी मीना के साथ स्कूटी पर रोहतक में खरीदारी करने आई थी। शाम करीब पौने 7 बजे दोनों लौट रही थी। स्कूटी सुनीता चला रही थी। इसी दौरान खरावड़ पुल के नजदीक पीछे से आए हमलावरों ने सुनीता की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह स्कूटी से गिर गई, जिस कारण उसकी मामी भी घायल हो गई। आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए पीजीआईएमएस में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर आईएमटी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह और सीआईए टू प्रभारी नरेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि मीना की बेटी की सगाई हो रखी है, जिसकी कुछ दिन बाद शादी होनी है। सुनीता और मीना उसकी शादी के लिए खरीदारी करने रोहतक आई थी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
वहीं सुनीता की भतीजी तमन्ना ने अपनी बुआ की हत्या का शक मृतका के दामाद पर जाहिर किया है। पुलिस को दी शिकायत में तमन्ना ने कहा है कि मृतका की बेटी की शादी करीब पांच साल पहले अटायल निवासी अमित के साथ हुई थी। अमित और भारती के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। अमित ने ही किसी से सुनीता की हत्या करवाई है।
सांपला की देव कॉलोनी में रहती हैं मामी-भांजी
पुलिस के अनुसार, सुनीता की शादी चरखी दादरी के एक गांव के रहने वाले रामबीर के साथ हुई थी। काफी साल से सुनीता अपनी बच्चों के साथ सांपला की देव कॉलोनी में रहती थी। मीना की शादी बहुअकबरपुर गांव के रहने वाले देवेंद्र के साथ हुई थी। मीना भी अपने बच्चों के साथ सांपला की देव कॉलोनी में ही रहती है।
गोली लगने से स्कूटी चालक सुनीता की मौत हो गई है। जबकि स्कूटी सवार सुनीता की मामी मीना घायल हो गई है। अभी बयान दर्ज नहीं हुए हैं। मामले में परिजनों से लगातार पूछताछ जारी है। हत्या के कारण और आरोपी अभी अज्ञात हैं।
- एसआई कुलदीप सिंह, आईएमटी थाना प्रभारी।