23सीटीके09..कलानौर हलके के गांव खेड़ी साध में शहीद मेजर सज्जन सिंह की प्रतिमा पर माला अर्पण करते
रोहतक। शहीद मेजर सज्जन सिंह गहलावत की कर्तव्यनिष्ठता पर सभी को गर्व है। उनकी शहादत हरियाणा के युवाओं को सही मायनों में देश सेवा के लिए प्रेरणा देने का काम करेगी। यह कहना है सांसद दीपेंद्र हुड्डा का। वह बुधवार को कलानौर हलके के गांव खेड़ी साध में शहीद मेजर सज्जन सिंह गहलावत स्टेडियम में शहीद मेजर सज्जन सिंह गहलावत की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे।
सांसद ने कहा कि मेजर सज्जन सिंह वीर सैनिक व उत्कृष्ट अधिकारी थे। इन्होंने भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं का पालन करते हुए आगे बढ़कर नेतृत्व किया और अपने कर्तव्य का पालन करते हुए प्राणों की आहुति दे दी। उनके असाधारण साहस, नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान के लिए वीरता पुरस्कार, शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि देश के लिए शहीद सैनिकों, पूर्व सैनिकों व उनके परिवार वालों का मान-सम्मान सबसे ऊपर है। हरियाणा की मिट्टी में देश के लिए मर-मिटने की परंपरा रही है। हमारे देश की फौज ने हमेशा दुश्मनों को ऐसा जवाब दिया कि उसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनी गई। हमारी फौज का गौरवशाली इतिहास रहा है। इस मौके पर कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक, प्रो. वीरेंद्र, सैन्य अधिकारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके बाद सांसद ने खेड़ी साध में एक फिटनेस प्रशिक्षण केंद्र का भी उद्घाटन किया।