गोहाना अड्डा स्थित गली में वीरवार देर रात दो चचेरे भाइयों पर पड़ोस में रहने वाले दो लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। परिजन घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मोबाइल शॉप संचालक की मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर किला रोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। देर रात पुलिस ने दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार वारदात वीरवार रात करीब 10: 45 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उक्त गली में काफी समय से रह रहे दोनों आरोपी अक्सर रात को शराब पीकर घरों के बाहर गाली गलौज करते हैं। वीरवार रात गली में रह रहे 23 वर्षीय शुभम ने उनका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पीठ में चाकू से कई वार कर दिए। इस दौरान बीच बचाव करने आए शुभम के ताऊ के बेटे रोबिन उर्फ फ्रूटी पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। शोर होने पर परिजन बाहर आए और दोनों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उपचार के दौरान शुभम ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल रोबिन को पीजीआई रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस पीजीआई पहुंची और परिजनों से जानकारी हासिल की। शुभम के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों चचेरे भाइयों के साथ मारपीट कर चाकूसे हमला किया। हमले में शुभम की मौत हो गई जबकि रोबिन घायल है। परिजनों के बयानों पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।
- कुलदीप सिंह, पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी।