गोहान में रोहतक के सेक्टर-14 की युवती की हत्या का मामला
मोबाइल खोलेगा राज, परिजनों को नहीं पता गोहाना किसको दस्तावेज देने गई थी शिवानी
: 24 वर्षीय शिवानी पेशे से थी शिक्षिका, पिता दयानंद रिटायर्ड टीचर, मां सुमन संस्कृत अध्यापक, बड़ा भाई सुमित है बैंकर, छोटा भाई पंकज कादियान है अंतरराष्ट्रीय फुटबाल प्लेयर
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे पर हुई रोहतक के सेक्टर-14 निवासी शिवानी की हत्या में परिचित प्रत्यक्षदर्शी दंपती की कहानी, परिजनों के बयान और पुलिस की अब तक की प्रारंभिक जांच से कई सवाल खड़े हो गए। परिचित प्रत्यक्षदर्शी दंपती का कहना है कि शिवानी गोहाना आई और उनके साथ एक व्यक्ति को कुछ जरूरी दस्तावेज देने के लिए जा रही थी। जिस दौरान चेन स्नैचरों ने उस पर चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। जबकि परिजनों का कहना है कि शिवानी गोहाना किसको दस्तावेज देने के लिए गई और ये परिचित प्रत्यक्षदर्शी दंपती शिवानी को कैसे जानते हैं, इस बारे में उन्हें कुछ भी जानकारी नहीं है। वहीं, पुलिस का कहना है कि परिचितों की मानें तो चेन स्नेचरों ने हत्या की है, लेकिन इन प्रत्यक्षदर्शी परिचितों की बताई जगह पर न तो किसी तरह के खून के धब्बे मिले हैं और न ही वहां कोई और प्रत्यक्षदर्शी मिला है। जिस वजह से पूरे मामले में कुछ भी स्पष्ट नहीं हो रहा है। अब तीनों के इन सवालों के जवाब शिवानी का मोबाइल देगा। जो पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी दंपति की गाड़ी से बरामद कर लिया है। पुलिस का मानना हे कि मोबाइल फोन से शिवानी की लोकेशन, उसकी कॉल डिटेल सामने आएगी, जिससे काफी कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
दो भाइयों की इकलौती बहन थी शिवानी
24 वर्षीय शिवानी उर्फ सोनू एमएससी नर्सिंग से पास आउट थी। वह पिछले एक माह से कान्ट्रेक्ट बेस पर मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में शिक्षिका कार्यरत थी। शिवानी के पिता दयानंद रिटायर्ड ड्राइंग टीचर है। मां सुमन मौजूदा समय में गांव दुबलधन झज्जर में बतौर संस्कृत अध्यापिका कार्यरत है। शिवानी का बड़ा भाई सुमित बैंकर है। छोटा भाई पंकज कादियान अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी है।
पुलिस की शक की सुई इस ओर भी
एक ओर जहां परिजनों ने शिवानी के गोहाना में किसी परिचित के न पता होने की बात कहीं तो, वहीं दूसरी ओर मौके पर मौजूद शिवानी हत्याकांड के परिचित प्रत्यक्षदर्शी दंपती को न जानने की बात कही। परिजनों की इसी बात पर पुलिस गोहाना के उस परिचित सहित प्रत्यक्षदर्शी दंपती की कुंडली खंगाल रही है। हालांकि पूरे मामले में अभी तक दंपती ने पुलिस को जो भी बयान दिए हैं वह अभी तक शक के दायरे में हैं। दंपती ने बताया कि शिवानी की चेन स्नैचरों ने चेन झपटने की कोशिश की, सफल नहीं हुए तो उन्होंने चाकू गोद कर हत्या कर दी। जबकि पुलिस जांच में सामने आया कि जिस जगह पर दंपती वारदात होना बता रहे हैं, उस जगह पर न ही कोई दूसरा प्रत्यक्षदर्शी मिला और न ही खून के निशान मिले। वहीं, शिवानी को उसका भाई यूनिवर्सिटी छोड़ कर आया था, आखिर वह उसके बाद गोहाना कैसे पहुंची। किससे उसकी आखिरी बार फोन पर बात हुई। गोहाना में शिवानी किससे मिली, कहा उसकी हत्या की गई। सबसे बड़ा सवाल आखिर शिवानी की हत्या क्यों की गई, इन सभी सवालों के जवाबों को तलाशने के लिए पुलिस कई पहलुओं पर काम कर रही है।
बीएसएफ के जवान की कहानी पुलिस के शक के दायरे में
गोहाना एएसपी उदय सिंह मीणा ने बताया कि बीएसएफ में तैनात गांव गंगाना निवासी राहुल ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि शिवानी उसकी व उसकी पत्नी अंजू की परिचित थी। सोमवार को शिवानी से बात हुई और उसे गोहाना कुछ दस्तावेज देने के लिए बुलाया। राहुल और उसकी पत्नी गोहाना शहर में मिले। इसके बाद दंपति कार में शिवानी को वापस रोहतक छोड़ने के लिए चल पड़ा। जब वे रोहतक पानीपत हाईवे स्थित शहर के बाईपास के निकट पहुंचे तो शिवानी ने कहा कि उसे अंबाला किसी काम से जाना है और उसे बाईपास पर उतार दें। शिवानी को उन्होंने बाईपास पर उतार दिया और एक दुकान से पानी लेने चले गए। राहुल और उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए और शिवानी की चेन झड़पने की कोशिश करने लगे। शिवानी ने विरोध किया तो वे उस पर चाकू से हमला करके फरार हो गए। सूचना मिलने पर एएसपी उदय सिंह मीना व शहर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दंपती से बातचीत की और घटनास्थल का मुआयना किया। सूचना मिलने पर शिवानी के परिजन गोहाना पहुंचे। शिवानी के भाई की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एएसपी उदय सिंह का कहना है कि राहुल की कहानी फिलहाल शक के दायरे में हैं। क्योंकि जहां घटनास्थल बताया गया है, वहां कभी भी खून के धब्बे नहीं मिले। न ही दंपती के अलावा कोई अन्य प्रत्यक्षदर्शी सामने आया है। जो राहुल की कहानी पर मोहर लगाए।
पुलिस का दावा : मंगलवार दोपहर तक हो जाएगा केस का खुलासा
एएसपी उदय मीणा का कहना है कि पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है। इन बिंदुओं पर काम करते हुए पुलिस के हाथ कई पुख्ता सुबूत लगे हैं। मंगलवार दोपहर तक पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों का नाम उजागार कर देंगे और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामला चेन स्नेचरों से जुड़ा नहीं लग रहा है। इस कहानी से भी पुलिस मंगलवार को पर्दा उठा देगी।
प्रत्यक्षदर्शी परिचितों की कार से मिला शिवानी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ
पुलिस ने बताया कि शिवानी का मोबाइल फोन उसके परिचित प्रत्यक्षदर्शी दंपती की कार से स्विच ऑफ पड़ा मिला। मोबाइल फोन को मंगलवार को ऑन किया जाएगा। इसके बाद कई रहस्यों से पर्दा खुद-ब-खुद उठ जाएगा। फिलहाल मोबाइल फोन, कार सहित अन्य कई सामान पुलिस ने कब्जे में लिया है। साथ ही परिचित प्रत्यक्षदर्शी के बयानों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस को कई बयानों पर काफी संदेह है, जिनकी भी जांच जारी है।