गांधी कैंप में लोगो से बातचीत करते विधायक बी बी बतरा ।
रोहतक। शहर के विधायक भारत भूषण बतरा ने मंगलवार को दिल्ली से आए रेलवे इंजीनियर व रेल ट्रैक बनाने वाली कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ एलीवेटेड ट्रैक का निरीक्षण किया। चिन्नोट कॉलोनी के लोगों ने दो छोटे अंडर पास की जगह एक बड़ा अंडर पास बनाने की मांग की। तर्क दिया कि आपातकालीन वाहन सुगमता से आवागमन कर सकेंगे। इस पर रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर ने जल्द निरीक्षण के बाद उचित कदम उठाने का भरोसा दिया। कहा कि अभी तक उनके पास यह डिमांड नहीं आई थी।
विधायक दोपहर करीब 1:25 बजे चिन्योट कॉलोनी के नजदीक सांई मंदिर पर पहुंचे, जहां दिल्ली से आए रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर पामीर अरोड़ा, एक्सईएन वैभव पाठक, एसएसई आरएन मलिक, एसएसई अशोक वर्मा, रेलवे ट्रैक बनाने वाली कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अजय गुप्ता मिले। अधिकारियों के साथ विधायक ने निर्माणाधीन एलीवेटेड रेल ट्रैक का निरीक्षण शुरू किया। रास्ते में न्यू चिन्योट और चिन्योट कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यह ट्रैक मुसीबत जाएगा क्योंकि आने-जाने के रास्ते (अंडर पाथ वे) 3 गुणा 2 मीटर के बजाये 6 गुणा 2 मीटर के बनाए जाए। ताकि इमरजेंसी वाहन एंबुलेंस व दमकल की गाड़ियों का सुगमता से आवागमन हो सके। बतरा बोले- जनता की डिमांड पर किया जाए डिजाइन में बदलाव
विधायक ने मौजूद अधिकारियों से कहा कि डिजाइन में बदलाव किया जाए और लोगों को आवागमन का समुचित रास्ता उपलब्ध करवाया जाए। इस दौरान वहां मौजूद महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बदलाव नहीं किया गया तो मजबूरन आंदोलन की राह पकड़ने पड़ेगी। इस पर अधिकारियों ने कहा कि पूरे नक्शे की दोबारा से समीक्षा की जाएगी। लोगों की सुविधा का ध्यान रखने का हरसंभव प्रयास होगा। इस मौके पर बलदेव मिगलानी, विक्की नारंग, मोनू शर्मा, सत्यवान चहल, मनोहर सिंह, महेंद्र, गुलशन बत्रा, चरणजीत शर्मा, रमेश बतरा, शिवचरण, मुरारी लाल आदि मौजूद रहे।