कोरोना काल में डीएचई ने नए सत्र की दाखिला प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। कॉलेजों में ऑनलाइन होने जारी रही इस दाखिला प्रक्रिया के तहत 12 अगस्त से पोर्टल ओपन होगा। महामारी काल में बगैर परीक्षा जारी हुए एचएसईबी व सीबीएसई के परीक्षा परिणाम ने इस दाखिला प्रक्रिया को और कड़ा बनाने का काम किया है। बोर्ड के शत प्रतिशत परिणाम के चलते इस बार मेरिट सूची बहुत हाई रहेगी। पहली ही कट ऑफ 95 प्रतिशत से ऊपर जा सकती है। ऐसे में दाखिले के लिए विद्यार्थियों के बीच एक-एक अंक से सीटों की मारामारी रहेगी। यही नहीं, दाखिले के लिए भी विद्यार्थियों के पास महज आठ दिन रहेंगे।
कॉलेजों में 12 अगस्त से नए सत्र की दाखिला प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। डीएचई की ओर से भी प्रक्रिया के लिए कम समय दिया गया है। महामारी के चलते 20 अगस्त ही पंजीकरण होंगे। पंजीकरण नहीं कराने वाले उम्मीदवार प्रवेश के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। समय की इस कमी के चलते विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच का काम भी 13 अगस्त से ही आवेदन के साथ ही शुरू करने की व्यवस्था की गई है। यह जांच 22 अगस्त तक होगी। मेरिट सूची की 23 व 24 अगस्त को तैयारी होगी। पहली मेरिट सूची 25 अगस्त को जारी होगी। इस सूची में नाम दर्ज कराने वाले विद्यार्थी 28 अगस्त तक फीस जमा करा सकेंगे। दूसरी मेरिट सूची की तैयारी 29 अगस्त को की जाएगी। सूची 30 अगस्त को जारी होगी। इस सूची के उम्मीदवार 31 अगस्त तक फीस जमा करा कर अपनी सीट सुरक्षित कर सकेंगे। इसके बाद एक सितंबर से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। रिक्त सीटों के लिए ओपन काउंसिलिंग होगी। इसके लिए एक सितंबर से पंजीकरण होगा।
कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया 12 अगस्त को पोर्टल ओपन होने के साथ शुरू होगी। विद्यार्थी 20 अगस्त तक पंजीकरण व आवेदन कर सकेंगे। कॉलेजों में एक सितंबर से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। डीएचई ने महामारी को देखते हुए दाखिला प्रक्रिया का समय कम रखा है। यही नहीं, इस बार बेहतर परीक्षा परिणाम के चलते मेरिट सूची भी हाई रहेगी। इससे हर सीट के लिए कड़ा मुकाबला रहेगा।
-डॉ. जयपाल शर्मा, प्राचार्य, गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज