रोहतक। भाली आनंदपुर के नजदीक शुगर मिल के सामने माड़ौदी रोड पर मंगलवार शाम दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में बाइक सवार आंवल गांव निवासी मैकेनिक संजय (25) और काहनौर निवासी चपरासी सुमन (40) की मौत हो गई। बहुअकबरपुर थाने में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
आंवल गांव निवासी प्रवीण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे चार बहन-भाई हैं। उनके भाई संजय चमारिया रोड स्थित निशान एजेंसी में मैकेनिक थे जबकि सुमन नजदीक रामा मोटर्स में चपरासी के तौर पर कार्यरत थीं। दोनों बाइक पर आते-जाते थे।
मंगलवार शाम 6:20 बजे छुट्टी होने के बाद घर आ रहे थे। जब वे शुगर मिल के नजदीक माड़ौदी रोड पर पहुंचे तो सामने से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने ट्रैक्टर-ट्राॅली से बचने के लिए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
हादसे में संजय और सुमन गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दोनों को पीजीआई के ट्राॅमा सेंटर ले गए जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में दूसरी बाइक का चालक भी घायल हो गया।