नए शैक्षणिक सत्र से एमडीयू के छात्रों को हाई टेक्नोलॉजी वाईफाई की सुविधा मिलेगी। करीब एक करोड़ की लागत से एमडीयू कैंपस को वाईफाई लैस बनाया जाएगा। खास बात यह रहेगी कि कैंपस में कई चुनिंदा स्थानों पर इंटरनेट की लगभग चार गुना ज्यादा स्पीड दी जाएगी।
दरअसल, एमडीयू के हॉस्टल और कुछ डिपार्टमेंट में ही वाईफाई की सुविधा है, जबकि अधिकतर डिपार्टमेंट में अभी तक वाईफाई नहीं है। अब यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो आने वाले नए शैक्षणिक सत्र में स्टाफ और छात्रों को वाईफाई की नई टेक्नोलॉजी का तोहफा मिलेगा।
अभी तक यूनिवर्सिटी में वाईफाई के लिए लगभग 350 मॉडम लगाए गए हैं, जिनसे 200 एमबीपीएस की स्पीड मिलती है। नई योजना के तहत करीब 400 अतिरिक्त मॉडम और लगाए जाएंगे।
इन मॉडम की स्पीड पहले के मॉडम से चार गुना होगी। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि अधिक स्पीड देने वाले मॉडम किस-किस डिपार्टमेंट या अन्य स्थानों पर लगाएं जाएंगे।
कैंपस को वाईफाई लैस बनाने के लिए यूनिवर्सिटी की तरफ से एक करोड़ रुपये का बजट पास हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि जून-जुलाई तक कैंपस को पूरी तरह वाईफाई लैस कर दिया जाएगा।