रोहतक। शहर के गांधी कैंप क्षेत्र से एक विवाहिता शादी के आठ माह बाद ही घर छोड़कर चली गई। शादी के बाद से पति को कह रही थी कि, परिजनों ने उसकी जबरदस्ती शादी कर दी है, वह तो किसी और से प्यार करती है। रविवार को पीजीआई थाने में पहुंचे युवक ने यह शिकायत दी। इस संबंध में पीजीआई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक कैंप निवासी युवक ने दी शिकायत में बताया कि आठ माह पहले उसकी शादी यूपी में हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी पत्नी खुश नहीं थी। बार-बार कहती थी कि उसकी जबरन शादी की गई है। वह साथ नहीं रहना चाहती। रविवार को युवक व उसका पिता शादी समारोह में गए हुए थे। घर पर उसकी मां व पत्नी थे। दोपहर करीब दो बजे उसकी पत्नी घर से चली गई। वह गले में मंगलसूत्र, नाक में सोने की बाली, कानों में टॉप्स, चांदी की पाजेब व चुटकी और घड़ी पहने हुए है।