रोहतक। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का जन्म दिन मंगलवार को सुभाष रोड स्थित मुल्तानी सेवा समिति शनि धाम मंदिर में मनाया गया। यहां निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसका शुभारंभ सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन व पारदर्शी व्यवस्था को मजबूती मिली। युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची-बिना खर्ची रोजगार उपलब्ध कराने की नीति ने सरकारी व्यवस्था में विश्वास को बढ़ाया है। विकास कार्यों में क्षेत्रवाद, जातिवाद और भाई-भतीजावाद जैसी प्रवृत्तियों को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को जनता ने नकारा
पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों व विकास योजनाओं पर जनता ने भरोसा जताया है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में लंबे समय से अराजकता और भय का माहौल था। इससे जनता परेशान थी। उन्होंने असम व पुडुचेरी में भाजपा सरकार के दोबारा बनने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, राजकुमार उर्फ राजू सहगल, कार्यक्रम संयोजक जेपी गौड़ उपस्थित रहे।