टिटौली गांव निवासी पराली कारोबारी 36 वर्षीय प्रवीण का कुल्हाड़ी से हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। उसके माथे और सीने पर कुल्हाड़ी से वार किए गए हैं। प्रवीण का शव कलानौर खंड के गांव आंवल के नजदीक गुरुवार रात नहर में मिला है। वह बुधवार रात से लापता था।
कलानौर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है जिसकी एफआईआर सदर थाने में भेजी गई है क्योंकि प्रवीण की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। शक के आधार पर पुलिस ने टिटौली के ही तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। प्रवीण के साले जयभगवान ने बताया कि उनके जीजा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पराली की खरीद-फरोख्त का कार्य करते थे। हर रोज की तरह वह अपने कमरे में सो गए जो गांव के जलघर के नजदीक बना हुआ है।
गुरुवार सुबह परिजन कमरे पर पहुंचे तो चारपाई पर प्रवीण नहीं मिला। प्रवीण की चप्पल व मोबाइल फोन वहां पर पड़े हुए थे। चारपाई के ऊपर व नीचे काफी मात्रा में खून निकला हुआ था। सूचना पाकर टिटौली चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की कि प्रवीण को किसी ने डिग्गी में फेंक दिया या वह खुद डूब गया। ऐसे में पूरे दिन सर्च अभियान चलाया गया।
गुरुवार शाम 6 बजे तक पता नहीं लगा तो सर्च अभियान रोक दिया गया। तय हुआ कि शुक्रवार सुबह फिर से प्रवीण को तलाश किया जाएगा। इसी बीच सूचना मिली कि एक युवक का शव आंवल गांव के नजदीक नहर में मिला है। शुक्रवार सुबह परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
प्रवीण का कहना है कि उनके जीजा की हत्या की गई है क्योंकि घटनास्थल पर खून मिला है। वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं। किसी ने कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से माथे व सीने पर वार किए। इसके बाद शव को 10 किलोमीटर दूर नहर में फेंक दिया। शव उतराता हुआ कलानौर के आंवल गांव तक पहुंच गया। पता चला है कि बुधवार शाम शराब पार्टी चली थी जिसमें प्रवीण भी शामिल था। अब पुलिस पता लगा रही है कि कहीं शराब पीकर हुए झगड़े में तो प्रवीण की हत्या नहीं कर दी गई।
कलानौर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है जिसकी एफआईआई सदर थाने में आ गई है। पराली विक्रेता प्रवीण की धारदार हथियार से हत्या की गई है। जल्द पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा।
- राजेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना सदर