हुडा काम्पलेक्स स्थित भाजपा कार्यालय में वीरवार को पत्रकारो से वार्ता करते केंद्रीय मंत्री रवि
प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा जनता को बताएं कांग्रेस ने 70 साल में अनुच्छेद 370 को क्या नहीं हटाया। संसद में उनकी कांग्रेस पार्टी का क्या स्टैंड रहा, क्या वे कांग्रेस से अलग हैं। वोट हासिल करने के लिए हुड्डा ने रैली में अनुच्छेद हटाने का समर्थन तो कर दिया, लेकिन अपनी पार्टी का स्टैंड लोगों को नहीं बता रहे। यह कहना है केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद का। वे वीरवार को रोहतक में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वे महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करके अब रोहतक आए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कह रहे हैं कि चुनाव में अनुच्छेद 370 कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेसी बताएं क्या हरियाणा के लोगों के लिए राष्ट्र की सुरक्षा, एकता व अखंडता कोई मायने नहीं रखती। जबकि सेना में 10 प्रतिशत जवान हरियाणा से हैं। प्रदेश के जवानों ने आतंकवाद से लड़ने हुए सबसे ज्यादा शहादत दी है। फिर भी पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा कह रहे हैं कि चुनाव में यह मुद्दा नहीं है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम पर सवाल दागते हुए कहा, कि हुड्डा बताएं कि क्या वे जनता को परिवार और भ्रष्टाचार में डूबा हरियाणा देना चाहते हैं। हुड्डा ने मानेसर में 1500 करोड़ रुपये की जमीन 100 करोड़ में खरीद अपने फेवरेट रियल एस्टेट व्यापारी को दे दी। गुरुग्राम में भी ऐसा ही हुआ, जमीन अधिगृहीत की 15 फर्मों को दे दी। अब हुड्डा कोर्ट के चक्कर लगा रहे हैं। हुड्डा ने बड़े परिवार के दामाद को संपत्ति दिलाने का काम किया। हुड्डा के आशीर्वाद से 25-25 लाख रुपये लगाओ और कंपनी का 700 करोड़ का टर्नओवर पाओ। ऐेसे चलती थी पहली सरकारें। उन्होंने कहा कि हुड्डा यह भी बता दें कि कांग्रेस ने सरदार पटेल की अनदेखी क्यों की। पटेल के निधन के बाद उन्हें भारत रत्न दिया गया। उस दौरान जितनी भी रियासतों को सरदार पटेल ने संभाला उनमें से किसी पर कोई विवाद नहीं, लेकिन जम्मू-कश्मीर की रियासत नेहरू के जिम्मे थी विवाद आज तक बना हुआ था।
बेरोजगारी के सवाल पर रवि शंकर ने कहा कि ईपीएफ में 2.54 करोड़ लोग नए जुडे हैं, क्या ये बेरोजगारी है। जो भी देश में बेरोजगारी बता रहा है, उसके पास गलत आंकड़े हैं। मुद्रा लोन योजना के तहत युवाओं को रोजगार शुरू करने के लिए लोन दिए हैं। केंद्रीय मंत्री रवि शंकर ने कहा कि आईटी क्षेत्र में हरियाणा आगे बढ़ रहा है। गुरुग्राम आई क्षेत्र का सपोर्ट बना हुआ है। पंचकुला में बीपीओ विस्तार कर रहा है। उमंग एप में एक हजार सेवाएं एक क्लिक पर सामने आती है। फिलहाल 490 सर्विस हैं जो ऑनलाइन हैं।