क्रिकेट की जगमग दुनिया में एक और नाम जुड़ गया है। अपने शानदार खेल व बेहतर प्रदर्शन के बूते भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाले रोहतक के दीपक हुड्डा को आईपीएल में भी बड़ा अवसर मिला है। आईपीएल नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने दीपक को 5.75 करोड़ में खरीदा है।
खिलाड़ी को मिली इस उपलब्धि के चलते परिवार में खुशी का माहौल है। प्रगति पथ पर अग्रसर खिलाड़ी बेहद सावधानी के साथ एक-एक कदम बढ़ा रहा है। यह कहना है दीपक के भाई आशीष हुड्डा का। वे भाई के आईपीएल में चयन के बाद अमर उजाला से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि रोहतक के पौलंगी गांव में जन्मे उभरते क्रिकेट स्टार दीपक हुड्डा लगातार टूर्नामेंट खेलने में व्यस्त हैं। उनका कहना है कि बड़े भाई का लक्ष्य विश्व कप में शानदार प्रदर्शन है। इससे पूर्व देश की सीनियर टीम व टी-20 में जगह मिलने पर जिम्मेदारी और बढ़ गई है। पहले इस जिम्मेदारी को निभाते हुए चयनकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है।
भारतीय टीम में जगह मिलना गौरवपूर्ण है। इस ऐतिहासिक पल को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। परिवार का पहला बेटा क्रिकेट के खेल मैदान पर उतरा है। आईपीएल में भी जगह मिली है। यह क्रिकेट में बेहतर भविष्य के संकेत हैं। यहां अपनी मेहनत व प्रदर्शन से जगह बनानी है।
पिता हैं आदर्श, पल-पल की मदद
आशीष हुड्डा ने बताया कि पिता जगबीर सिंह हुड्डा से प्रेरित होकर भाई ने खेल की दुनिया में कदम रखा। पिता एयरफोर्स में कबड्डी टीम का मजबूत हिस्सा रहे हैं। वे हम दोनों के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं। उन्होंने न केवल मार्गदर्शन किया, बल्कि पल-पल मदद भी की। हमें खेल मैदान तक लाने ले जाने, मेहनत करने के लिए प्रेरित करने, खेल का अभ्यास कराने हर काम में सहयोग किया। अनेक बार तो खुद भाई के लिए गेंदबाजी करते रहे हैं। मां प्रवेश गृहिणी हैं। वे भी हमें सहयोग करती हैं। अपना काम छोड़ कर पहले हमारी जरूरतें पूरी करती हैं।