रोहतक। जिले में विजयदशमी पर्व की धूम रही। शाम के समय शहर में पुरानी आईटीआई मैदान, श्री प्राचीन रामलीला सोसाइटी लोकल मैदान, गोकर्ण तालाब मैदान, वैश्य संस्था मैदान, सेक्टर एक, पुरानी अनाज मंडी, गांधी कैंप व पटेल नगर, माॅडल टाउन सहित 30 से अधिक जगह रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। वहीं दहन के बाद शहर में 15 से 20 मिनट तक जाम लगा रहा।
इनके अलावा जिलेभर के गली-मोहल्लों में भी लोगों ने पुतले दहन कर दशहरा पर्व मनाया। जिले में रावण के सबसे ऊंचे 75 फीट के पुतले का दहन पुरानी आईटीआई मैदान में किया गया। दशहरे को लेकर लोगों में उत्साह बना रहा। मेले में भारी संख्या में शहरवासी उमड़े।
दर्शकों ने मेले में ली सेल्फी
कमेटी के मीडिया प्रवक्ता राजीव जैन ने बताया कि महामंडलेश्वर बाबा कर्णपुरी महाराज के सानिध्य में भगवान श्रीराम का विजय तिलक किया गया। समाजसेवी व उद्योगपति राजेश जैन, मुख्य अतिथि विपिन गुप्ता, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि डाॅ. चंद्र गर्ग, प्रदेश संयोजक शिक्षण प्रकोष्ठ भाजपा हरियाणा मदन लाल गोयल, समाजसेवी उद्योगपति पवन तायल, कमेटी के प्रधान सुभाष तायल ने पुतलों में पहले तीर कमान से तीर छोड़ा, फिर रिमोट का बटन दबाकर दहन किया। रावण के पुतला दहन के समय दर्शकों ने मेले में सेल्फी भी ली। दोपहर के समय रावण के पुतले की पूजा करने के लिए अनेक शहरवासी पहुंचे। पुतले के दहन करने से पहले रंग बिरंगी आतिशबाजी की गई। इससे पहले स्वामी बालकपुरी डेरे से श्रीराम की विजय यात्रा भी निकाली गई जो अलग अलग स्थानों से होकर रामलीला स्थल पहुंची। इसमें हनुमान के 25 स्वरूप मुख्य आकर्षण रहे।
-
बुरे काम का अंत बुरा
मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी उद्योगपति राजेश जैन ने कहा बुरे काम का अंत बुरा होता है इसलिए मनुष्य बुरे काम न करके समाजहित मानव कल्याण के लिए कार्य करें। इस अवसर पर शंकर लाल मित्तल, सुशील मंगला, सोनू जैन, नवीन बंसल, राकेश खुराना, संदीप गुप्ता, अंकित बंसल, अजेश गुप्ता, बृजबाला गुप्ता, मीना सिंगल आदि उपस्थित थे।
गोकर्ण तालाब मैदान में मनाया दशहरा
श्री सनातन धर्म पंजाबी रामलीला रोहतक की ओर से गोकर्ण तालाब मैदान में दशहरा पर्व मनाया गया। बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले का डेरा श्री बाबा लक्ष्मणपुरी महाराज, गोकर्ण तीर्थ पर दहन किया गया। इस अवसर पर उप आचार्य महामंडलेश्वर गोकर्ण स्वामी कपिलपुरी महाराज, हिमांशु ग्रोवर, पवन आहूजा, अशोक गुलाटी, मदन गुलाटी, कपिल नागपाल, नाथी, पिंकी आदि ने पुतला दहन किया।
-
माॅडल टाउन में रावण के पुतले का दहन
माॅडल टाउन स्थित कम्युनिटी सेंटर में निगम पार्षद कंचन खुराना व जिला कष्ट निवारण समिति सदस्य अशोक खुराना ने रावण के पुतले का दहन किया। कार्यक्रम में धर्मवीर प्रसाद शास्त्री, देव कृष्ण शौनक, हैप्पी क्लब के प्रधान परविंद्र मदान, जसबीर कोचर, चिराग पाहवा, हर्षिता मलिक, जयंत कुमार उपस्थित रहे।
रामलीला समिति के प्रांगण में की पूजा
श्री बद्री केदार रामलीला समिति के प्रांगण में मां भगवती के पाठ के समापन पर पंडित ख्याली दत्त ने विधि विधान से पूजा अर्चना की। कार्यक्रम में बद्री केदार समिति के प्रधान प्रेम सिंह सजवान, महासचिव गणेश दत्त पालीवाल, उपप्रधान चंदन सिंह, सहसचिव रघुबर दत्त, गढ़वाल सभा के प्रधान मनोज शर्मा, बिजली बोर्ड के प्रधान प्रताप सिंह रावत, कुमाऊ सभा के प्रधान आनंद सिंह, अध्यक्ष राजकुमार शर्मा मौजूद रहे।
सेक्टर एक में तीन फीट के पुतले का दहन
सेक्टर एक में रावण के तीन फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया। मुख्य अतिथि की रूप में पूर्व पार्षद कदम सिंह अहलावत रहे। इस अवसर पर निधि बंसल, दीप्ति तायल, रुचि अहलावत, मीनाक्षी व माला ढींगरा आदि मौजूद रहे।
चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया रावण दहन
कृष्णा ड्रामाटिक क्लब अनाज मंडी की ओर से वैश्य संस्था में मनाए दशहरा उत्सव में नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा व विधायक भारत भूषण बत्रा ने रावण दहन किया। उन्होंने भगवान श्रीराम की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, सत जिंदा कल्याणा आश्रम कलानौर की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव में रोहतक के विधायक भारत भूषण बत्रा ने प्रसाद वितरित किया। सत जिंदा कल्याणा आश्रम कलानौर की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव में बत्रा ने हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।