हरियाणा में कई जगहों पर लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशियों को विरोध हो रहा है। इस कड़ी में रोहतक से सांसद और प्रत्याशी अरविंद शर्मा को भी विरोध का सामना करना पड़ा तो उन्होंने कांग्रेस पर कड़े आरोप लगाए हैं।
प्रदेश की सबसे हॉट सीट रोहतक में माहौल गरमाता जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी व मौजूदा सांसद डाॅक्टर अरविंद शर्मा ने आरोप लगाया है कि महम के बड़ाली गांव में उनका जो विरोध हुआ, उसके पीछे कांग्रेस नेताओं का हाथ है। उन्होंने मीडिया के सामने फोटो दिखाते हुए दावा किया कि विरोध करने वालों के फोटो कांग्रेस नेताओं के साथ साफ दिखाई दे रहे हैं। वहीं, बेरी के विधायक रघुबीर कादियान के बयान को लेकर भाजपा चुनाव आयोग में शिकायत करेगी। इसके लिए विचार किया जा रहा है।
विज्ञापन
शर्मा ने कहा कि वे महम की विजय संकल्प रैली का न्यौता देने महम चौबीसी के गांव भैणी सुरजन (बड़ाली) में गए थे, जहां पर योजनाबद्ध तरीके से उनका विरोध किया गया। किसान यूनियन के नाम पर कांग्रेस नेताओं के इशारे पर घेरा गया। इससे साफ है कि कांग्रेस पहले की तरह डर का माहौल पैदा करके जीतना चाहती है, लेकिन 2019 की तरह 2024 में भी ऐसे लोग कामयाब नहीं होंगे। मौके पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व पार्षद अशोक खुराना, आशा शर्मा व सन्नी शर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
दीपेंद्र कह चुके हैं विरोध न किया जाए भाजपा-जजपा नेताओं का
वहीं, एक दिन पहले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बयान जारी किया था कि प्रचार करने का सभी को हक है। किसी का विरोध न किया जाए। अगर भाजपा व जजपा नेताओं से नाराजगी है तो वोट की चोट दें।