बिजली गुल होने और सड़कों पर अंधेरा होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने कलानौर रेलवे स्टेशन के बाहर ही एक व्यक्ति से लूटपाट की। बेखौफ शातिरों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में कलानौर के वार्ड नंबर-2 निवासी पीड़ित सत्यप्रकाश के बयान पर तीन अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में सत्यप्रकाश ने बताया कि वह रोहतक में फर्नीचर का काम करते हैं। वे प्रतिदिन रोहतक से ट्रेन में कलानौर अपने घर पहुंचते हैं। वे 30 अप्रैल को ट्रेन से कलानौर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इसके बाद वे पैदल जाने लगे। बिजली गुल होने के कारण सड़क पर अंधेरा था। सत्यप्रकाश स्टेशन से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद तीसरे युवक ने पीछे से उनके सिर पर किसी चीज से हमला किया। फिर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर सत्यप्रकाश की जेब से करीब तीन हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।