आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि सियासी दलों के नेता ब्राह्मण समाज को वोट बैंक न समझें। ब्राह्मण समाज अब जाग चुका है। अब पहले की तरह खीर खाने वाले ब्राह्मण नहीं हैं। अपने हक को पाने के लिए ब्राह्मण समाज सक्रिय हो चुका है। कोई कहता है कि नवीन जयहिंद भाजपा में ही जाएगा, कोई कांग्रेस तो कोई आप में जाने का कयास लगा रहा है, लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं सांसद या विधायक बनना नहीं चाहता, बल्कि समाज को उसका हक व रुतबा दिलवाना चाहता हूं। इसके लिए जेल जाने को भी तैयार हूं। जय हिंद पहरावर में आयोजित भगवान परशुराम जयंती समारोह में बोल रहे थे।
पहरावर गांव में ब्राह्मण समाज की ओर से 15 एकड़ जमीन में अयोध्या के राममंदिर की तर्ज पर भगवान परशुराम का मंदिर बनाया जाएगा। यह मंदिर गौड़ ब्राह्मण संस्था की बिल्डिंग के अलावा स्कूल, अस्पताल व स्टेडियम के साथ बनेगा। रविवार को गांव की जमीन में आयोजित परशुराम जयंती समारोह में वक्ताओं ने इसकी घोषणा की। इतना ही नहीं मंच से दो करोड़ रुपये व दो गाड़ी देने की घोषणा की गई।
इससे पहले नवीन जयहिंद 22 मई को पहरावर में परशुराम जयंती मनाने के लिए प्रचार कर रहे थे। सुबह 10 बजे पांच एकड़ से ज्यादा जगह में टेंट लगा दिया गया। 11 बजे युवा हाथों में फरसे व एक-एक ईंट लेकर अपने-अपने वाहनों से आने शुरू हो गए। सबसे पहले जमीन पर हवन यज्ञ किया गया। नवीन जयहिंद ने खुद आयोजन स्थल के गेट पर खड़ा होकर नेताओं व युवाओं का स्वागत किया। दोपहर एक बजे तक दूसरे जिलों से भी ब्राह्मण समाज के लोग पहुंच गए थे। बादली से विधायक कुलदीप वत्स अपने काफिले के साथ जयंती में शिरकत करने पहुंचे। इसके बाद नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम बीमार होने के बावजूद मंच पर आए। थोड़ी देर बाद रोहतक से भाजपा सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा समर्थकों के साथ मंच पर आए। उस समय नारनौंद के विधायक समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे। आखिर में महम से विधायक बलराज कुंडू पहुंचे और समाज को अपनी तरफ से समर्थन दिया।
मंच पर एक-दूसरे से नजर चुराते नजर आए नेता
परशुराम जयंती में भाजपा के सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा, कांग्रेस के विधायक कुलदीप वत्स व जजपा के विधायक रामकुमार गौतम पहुंचे और बाद में निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू पहुंचे। मंच पर ज्यादातर समय नेता एक-दूसरे से नजर चुराते नजर आए। जब सांसद डॉक्टर अरविंद शर्मा पहुंचे तो उस समय विधायक रामकुमार गौतम का भाषण चल रहा था। सांसद माइक के नजदीक ही नवीन जयहिंद के पास बैठ गए। जबकि कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स मंच पर बैठे हुए थे। जब सांसद मंच से भाषण दे रहे थे, जब विधायक कुलदीप वत्स उनके पास आए, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। जब विधायक बलराज कुंडू आए, तब तक नवीन जयहिंद को छोड़कर ज्यादातर नेता जा चुके थे।
नवीन जयहिंद को महिलाओं ने पहनाई पगड़ी
मंच पर केवल नवीन जयहिंद को तीन महिला समर्थकों ने पगड़ी पहनाई। साथ ही मंच से डॉक्टर ओम नारायण ने घोषणा की कि सभी युवाओं व समाज के लोगों की तरफ से यह पगड़ी पहनाई जा रही है।
गानों पर जमकर थिरके जयहिंद और युवा
परशुराम जयंती में भीड़ देखकर आयोजक नवीन जयहिंद भी गदगद नजर आए। गानों के ऊपर जमकर नेता व युवा थिरके। साथ ही नवीन जयहिंद को युवाओं ने कंधों पर उठाकर पूरे पंडाल का चक्कर कटवाया। इससे पहले गायक रमेश खरावड़ ने भी रागियों से ब्राह्मण समाज की मांग सरकार के आगे रखी।
अनिल विज से मिलूंगा जमीन के लिए : शांडिल्य
ब्राह्मण महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने देश के गृहमंत्री अमित शाह से मांग की है कि पहरावर की जमीन ब्राह्मण समाज को दिलवाई जाए। साथ ही वे इस मांग को लेकर प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज से भी मिलेंगे। शांडिल्य रविवार को पहरावर गांव में आयोजित परशुराम जयंती में शिरकत करने आए थे।