खोदी गई सड़क के बीच से कुछ इस तरह से निकलते स्कूटी चालक। अमर उजाला
रोहतक। दिल्ली रोड मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे खोल दिया जाएगा। सीवर लाइन बिछाने का काम दिन-रात तेजी से चल रहा है, जिसके तहत रविवार की शाम को पाइप बिछाने का काम शुरू हुआ, जो सोमवार सुबह तक पूरा होगा। वहीं, रविवार को भी गढ़ी बोहर की गलियों में जाम लगा। काफी कार और बस चालकों ने शार्टकट रूट पर जाने का प्रयास किया, जिससे दिक्कत झेलनी पड़ी।
दिल्ली रोड क्रास करते हुए गढ़ी बोहर एसटीपी के लिए सीवर लाइन बिछाने का काम शनिवार को शुरू हुआ, जिसकी वजह से दिल्ली रोड तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। सेक्टर-27 के मुहाने पर बैरियर लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन सीधे सेक्टर से होते हुए ओमैक्स सिटी के रास्ते से दिल्ली बाईपास चौक पर पहुंच रहे हैं। वहीं, कुछ वाहन चालक रॉन्ग (गलत दिशा) साइड का रास्ता पकड़कर गढ़ी बोहर के रास्ते से निकलने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे आमने-सामने वाहन फंसने से जाम लग रहा है। रोडवेज की बसें गढ़ी बोहर से पहले पड़ने वाले रास्ते से होकर बोहर व सोनीपत रोड होते हुए बस स्टैंड पहुंच रही है। जिसकी वजह से बस परिचालक दिल्ली बाईपास की सवारियों को वहीं उतार रहे हैं, जिससे लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
वहीं, सीवर लाइन बिछाने का कार्य करने वाली कार्यदायी कंपनी के इंजीनियरों की देखरेख में रविवार को खुदाई के बाद सीवर लाइन बिछाने के लिए बेस बनाया गया। शाम को सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू हुआ, जो सोमवार की सुबह तक पूरा होने का अनुमान है। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर मनीष मिश्रा का कहना है कि दिन-रात काम चल रहा है। सब कुछ सही रहा तो मंगलवार की सुबह आठ बजे तक आवागमन के लिए रास्ता खोल दिया जाएगा।