रोहतक। साहित्यकार डॉ. मधुकांत की पुस्तक दादी की कहानियां का विमोचन न्यू विद्या सागर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सुनारिया में किया गया। इस अवसर पर बाल प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, जल संरक्षण, ऊर्जा और सामाजिक जागरूकता पर आधारित आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार ने अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया।
विज्ञापन
इस अवसर पर डॉ. मधुकांत ने बच्चों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने और साहित्य से जीवन-मूल्य सीखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान जिज्ञासा और तर्क देता है जबकि साहित्य संस्कार और संवेदना। इन दोनों के बिना सर्वांगीण विकास अधूरा है। कार्यक्रम में प्रकाश मायना, संजीव, मुख्य अध्यापक राकेश कुमार, मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।