रोहतक। गांव घरौठी में एक युवक ने पत्नी से उसकी चचेरी बहन से अपने चाचा के लड़के का रिश्ता न कराने पर मारपीट की। इससे आहत होकर महिला ने फंदा लगा जान दे दी। इसकी सूचना मिलने पर महिला के मायका पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, उसके चचेरे भाई और चाची के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लाखनमाजरा थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहित निवासी काहनी ने बताया कि वह एक प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करता है। वे तीन भाई-बहन हैं। बहन रितू की शादी फरवरी 2012 को पवन निवासी गांव घरौठी के साथ की थी। रोहित ने बताया कि रितू का पति अपने चचेरे भाई का रिश्ता उसकी चचेरी बहन से करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि इसके लिए पवन, सौरभ और सौरभ की मां रितू के साथ मारपीट करते थे। शुक्रवार को मायके पक्ष के लोगों को सूचना मिली कि रितू ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन गांव पहुंचे। परिजनों के आने से पहले ही रितू को ससुराल पक्ष के लोगों ने फंदे से नीचे उतार दिया था। रोहित ने बताया कि रितू का सात साल का बेटा है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करतारपुरा में मानसिक रूप से परेशान श्रमिक ने लगाया फंदा, मौत
करतारपुरा में मानसिक रूप से परेशान एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर परिजन शव को फंदे से उतार कर पीजीआई ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर पुलिस को सूचना दी। इंदिरा कॉलोनी चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक राजेश पेशे से श्रमिक था। उसके चार बच्चे हैं।