दिल्ली सीमा पर किसान आंदोलन में शामिल होने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। पंजाब व राजस्थान से किसानों के काफिले दिल्ली कूच कर रहे हैं। इसके चलते बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 10 आंदोलकारियों के वाहनों की भीड़ से व्यस्त नजर आए। खरावड़ में ग्रामीणों ने आंदोलन में जा रहे किसानों को सुबह लड्डू व जलेबी का नाश्ता कराया तो दोपहर को सब्जी पूड़ी खिलाकर उनकी भूख शांत की। गांव के युवा व बच्चे किसानों की सेवा में जुटे हैं। हुड्डा खाप ने बुधवार को बैठक की। यहां सभी ने वीरवार सुबह टिकरी बॉर्डर पर जाने का फैसला लिया। इधर, सब्जी मंडी एसोसिएशन ने आंदोलनकारियों की मदद के लिए सब्जी भेजकर अपना समर्थन दिया।
आंदोलनकारियों को भेजे सब्जी और फल
नई सब्जी मंडी रोहतक आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सोनू छाबड़ा ने कहा कि पंजाब व राजस्थान के किसान कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। दिल्ली सीमा पर जमे इन किसानों की हम हर संभव मदद करेंगे। इसी कड़ी में बुधवार को उनके लिए फल व सब्जी भेजी है। कोरोना काल में दो प्रतिशत कर हम थोपा जा रहा है। इसका विरोध करते हैं। सरकार से इस बारे में पहले भी कई बार मिल चुके हैं। सीएम व डिप्टी सीएम से आश्वासन मिला था, मगर समाधान नहीं हुआ।
भाकियू राष्ट्रीय महासचिव ने मनजीत सिंह दहिया ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। इसमें किसान विरोधी कानूनों को निरस्त कराने की गुहार लगाई है। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश या अन्य राज्यों का किसान ही नहीं, बल्कि पूरा देश का किसान विरोधी कानूनों को निरस्त कराने के लिए एकजुट है। हरियाणा आंबेडकर संघर्ष समिति व भाकियू भी किसान विरोधी कानूनों को निरस्त कराने के लिए किसान संगठनों के साथ खड़ी है। उन्होंने इस आंदोलन में जान गंवाने वाले तीन किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सरकार को किसानों की भावनाओं का आदर करते हुए बिना शर्त बातचीत कर इन कानूनों को तुरंत प्रभाव से वापस लेना चाहिए। इस मौके पर मनोहर लाल साकला भाट, मनोहर लाल चांदीवाल, राज सिंह, रवि कुमार बागोतिया, बनवारी लाल, उमेद सिंह, राजबीर सिंहमार, रामकिशन बामणिया, नरेश गुणपाल, राजबीर वाल्मीकि, अतर सिंह उपस्थित रहे।
शिविर में पांच रुपये दान कर मनाई शादी की सालगिरह
मलिक खाप के प्रमुख खेडे़ खरावड़ गांव के हन्नी मलिक ने किसानों की सेवा के लिए लगाए गए शिविर में पांच रुपये की आर्थिक मदद देकर अपनी शादी की सालगिरह मनाई। कैप्टन जगबीर मलिक ने बताया कि कृषि कानूनों के विरुद्ध दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के प्रति लोगों का भावनात्मक लगाव इतना बढ़ चुका है कि वे निस्वार्थ भाव से दिल्ली कूच कर रहे हैं। खरावड़ के हन्नी मलिक ने बुधवार को शादी की सालगिरह किसी होटल या पिकनिक जाने के बजाय शिविर में आर्थिक मदद दी। युवाओं की यह सोच सराहनीय है। इस मौके पर जसवंत सिंह, कैप्टन प्रताप सिंह, संजय, सुरेश कुमार, पंडित रोहताश, लीलू प्रधान, सरपंच बिजेंद्र मलिक, पंच राजवीर समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।
आज दिल्ली कूच करेगी हुड्डा खाप
किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए हुड्डा खाप के हजारों सदस्य वीरवार को सांपला से नई दिल्ली टिकरी बॉर्डर के लिए रवाना होंगे। प्रात: 10 बजे ढ़ोल-नगाड़ों के साथ दल रवाना होगा। खाप प्रधान धर्मपाल हुड्डा व दो जमा पांच के संयोजक सतबीर सिंह हुड्डा ने बताया कि देश के किसान इन काले कानूनों से परेशान हैं। इस न्याय की लड़ाई में हुड्डा खाप ऐतिहासिक कार्य करेगी।
नांदल खाप ने किसान आंदोलन को दिया समर्थन
बोहर स्थित अड्डे वाली चौपाल में किसान आंदोलन को लेकर एक पंचायत हुई। यहां सर्वसम्मति से किसान आंदोलन को तन-मन-धन से समर्थन देने का फैसला लिया गया। पंचायत में धरने-प्रदर्शन में भाग लेने वालों को टीम बनाकर जाने की सलाह दी गई। इसके अलावा नांदल भवन की तरफ से आगे भी खाद्य सामग्री भेजी जाएगी। नांदल खाप के प्रधान ओमप्रकाश नांदल ने आह्वान किया कि ग्रामवासी शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन का समर्थन करें। पंचायत के संयोजक कृष्ण ठेकेदार व खाप महासचिव संजीत नांदल ने कहा कि कुछ लोग किसानों को हरियाणा-उत्तर प्रदेश-पंजाब का कहकर बांटना चाहते हैं लेकिन पूरे देश का किसान एक है।