रोहतक। गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में हिंदी एवं अंग्रेजी विभाग ने विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कीं। अंग्रेजी विभाग की ओर से पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गईं। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कृष ने प्रथम, प्रियंका एवं अक्षय ने द्वितीय व दीपशिखा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हार्ट्रोन स्किल सेंटर के निदेशक डॉ. आशुतोष कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने की। प्रतियोगिताओं का विषय युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति-कारण और निवारण अत्यंत प्रासंगिक और सामयिक रहा। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में करण ने प्रथम, तमन्ना ने द्वितीय और कीर्ति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हिंदी विभाग की ओर से आयोजित भाषण प्रतियोगिता में परमजीत कुंडू ने प्रथम, सुरभि ने द्वितीय और हिमांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डॉ. आशुतोष कौशिक ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं बल्कि एक सजग और जिम्मेदार नागरिक बनना है।