प्रदेश में बिगड़े भाईचारे को दोबारा से कायम करने के लिए परमार्थ स्वयं सेवी संगठन और सहयोगी संस्थाओं द्वारा चल रहे सद्भावना अभियान को अब पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा। हालांकि, 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर इस अभियान की शुरुआत होगी, जो सामाजिक जन जागृति के नाम से चलाया जाएगा। इसमें रोहतक के साथ सोनीपत और झज्जर के दंगा पीड़ितों की मनोचिकित्सकों द्वारा काउंसिलिंग कराई जाएगी।
इस चरण में आध्यात्मिक शांति के लिए गीता ज्ञान, रक्तदान, प्रेरणा और स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। वहीं, स्कूलों और कॉलेजों में विचार गोष्ठियां, प्रतियोगिताएं और सम्मान समारोह भी कराए जाएंगे।
सामाजिक जन जागृति अभियान के संयोजक मंजुल पालीवाल ने बताया कि बाबा साहब की 125वी जयंती पर पं. नेकी राम शर्मा महाविद्यालय में विचार गोष्ठी के साथ अभियान शुरू होगा और समापन 15 अगस्त को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान की कड़ी में भारतीय योग संस्थान के सहयोग से योग एवं ध्यान शिविर लगाए जाएंगे।
दंगा पीड़ितों के साथ होगा सीधा संवाद होगा 17 से
अभियान के दौरान दंगों के दौरान प्रभावित पीड़ितों से सीधा संवाद 17 अप्रैल से किया जाएगा। इसमें दंगा पीड़िताें को अवसाद से उबारने के लिए मनोविज्ञान काउंसिलिंग कार्यक्रम किया जाएगा। इसके लिए मनोवैज्ञानिकों की टीम का गठन किया जाएगा।
8 मई से लगाएं जाएंगे रक्तदान शिविर
सामाजिक जन जागृति अभियान के अंतर्गत 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस से 15 अगस्त तक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसमें तीनों जिलों में प्राउड टू बी ए ब्लड डोनर व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 51 रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान रक्तदान के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को विशेष समरसता उपाधियां भी दी जाएंगी।
जहां स्वैच्छिक रक्तदान के क्षेत्र में रक्तदान समरसता सम्मान, रक्तदान भामाशाह समरसता सम्मान, रक्तदान गौरव समरसता सम्मान और रक्तदान रत्न समरसता सम्मान दिया जाएगा। वहीं रक्तदान भूषण समरसता सम्मान, रक्तदान सेवा शिरोमणी समरसता सम्मान, रक्तदान ग्राम्य समरसता सम्मान, रक्तदान संजीवनी समरसता सम्मान और रक्तदान आचार्य समरसता सम्मान, रक्तदान ज्ञान सरोवर समरसता सम्मान, रक्तदान महामानव समरसता सम्मान, रक्तदान दधीचि समरसता सम्मान, रक्तदान सागर समरसता सम्मान, रक्तदान रक्तशाला समरसता सम्मान, रक्तदान क्रांति समरसता सम्मान, रक्तदान साहित्य सृजन समरसता सम्मान, रक्तदान पत्रकारिता समरसता सम्मान, रक्तदान सेवा समरसता सम्मान, रक्तदान जागरूकता समरसता सम्मान आदि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
स्कूल व कालेजों में लगेगी समरसता पाठशाला
जन जागृति अभियान में बच्चों और युवाओं को जागरूक करने के लिए समरसता कार्यक्रम भी किए जाएंगे। जिसमें भाषण प्रतियोगिता, नारा लेखन व ड्राइंग प्रतियोगिताएं होंगी। विशेषकर स्कूलों में बच्चों को रक्तदान अंकुरण समरसता सम्मान दिया जाएगा।