13 फरवरी को मार्ग बंद किया गया था। अर्धसैनिक बल सहित तीन कंपनी अब भी तैनात हैं। वाहन चालकों को बैंसी या 152डी से होकर गुजरना पड़ता था, अब रास्ता खुलने से बड़ी राहत मिलेगी।
हरियाणा के रोहतक में लाखनमाजरा से आगे जींद सीमा पर पुलिस ने रोहतक-जींद मार्ग को खोल दिया है। वाहनों को वन-वे गुजारा जा रहा है। मार्ग चालू होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी, क्योंकि उनको वाया बैंसी गांव या 152डी से होते हुए गुजरना पड़ रहा था।
विज्ञापन
हालांकि आईटीबीपी, एसएसबी व पुलिस की एक कंपनी अब भी सीमा पर तैनात है। लाखनमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार का कहना है कि मार्ग चालू कर दिया गया है, ताकि वाहन चालकों की परेशानी और ज्यादा न बढ़े।
पंजाब के किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली कूच का आह्वान किया था, लेकिन पुलिस ने पंजाब की सीमा पर भारी पुलिस बल लगाकर किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया। अंबाला के शंभू व जींद के दातासिंहवाला बॉर्डर पर पुलिस व किसानों की झड़प भी हुई, लेकिन कड़े पुलिस प्रबंधों के चलते किसान आगे नहीं बढ़ सके। रोहतक पुलिस ने जींद व रोहतक जिले की सीमा पर लाखनामाजरा के पास रोड को बंद कर दिया था। अब 12 दिन बाद रोड को खोला गया है।