माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर का किला रोड बाजार सियासी अखाड़ा बन गया है। बाजार की पीर वाली गली के सामने बने नाले को लेकर भाजपा के दो पार्षद ही आमने-सामने आ गए हैं। दो दिन पहले भाजपा के वार्ड नंबर सात के पार्षद कपिल नागपाल ने नाले को मोड़ देकर बनवाया था, जिसे मंगलवार को वार्ड छह की महिला पार्षद के पति एवं पूर्व पार्षद नरोतामल भटनागर ने तुड़वा दिया। इसके साथ ही सीवर लाइन पर जाल लगाने व बिजली लाइन को लेकर भी बाजार की सियासत गरम है।
निगम के ठेकेदार ने पीर वाली गली से आने वाले पानी की निकासी के लिए मोड़ देकर नाला बनाया था ताकि पानी भगत सिंह पार्किंग की तरफ जाए, जो संभव नहीं है। मोड़ देने से पानी वहीं रुक जाता और जलभराव की स्थित पैदा होती। नक्शे से छेड़छाड़ को निगम के अधिकारियों ने भी गलत माना। उन्होंने खुद खड़े होकर गलत बने नाले को तुड़वा दिया है। ठेकेदार व बाजार के दुकानदाराें को पता है कि यह किसने कहने पर किया गया था।
- नरोतामल भटनागर, पूर्व पार्षद
...
नरोतामल मेरे बड़े भाई, मैं राजनीति नहीं काम करने आया हूं
किला मोहल्ला उनके वार्ड में आता है। पीर वाली गली के पानी की निकासी के लिए छोटा नाला बनाया गया ताकि आधा पानी दूसरी तरफ चला जाए। सीधी लाइन बनाने से बीच में खंभा आ रहा था। दूसरा, पूरा नाला एक दुकान के नीचे से जा रहा था। निगम आयुक्त के सामने बात हो गई थी कि नाले में थोड़ा मोड़ देना पड़ेगा। उनके ऊपर बेवजह सवाल उठाए जा रहे हैं। भटनागर उनके बड़े भाई है। मैं राजनीति नहीं काम करने आया हूं। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर चाहते हैं किला रोड बाजार सुंदर बने।
- कपिल नागपाल, पार्षद वार्ड नंबर सात
...........
20 दुकानदारों की सूची तैयार, छज्जे नहीं हटाए तो चलेगी पोकलेन
किला रोड बाजार में खंभों पर केबल लगने का कार्य शुरू नहीं हो सका है। बिजली निगम का कहना है कि जब तक सभी छज्जे नहीं तोड़े जाएंगे, तब तक खंभे सीधे करके टी सेप में एंगल नहीं लग सकते। ऐसे में 10 दुकानदारों की सूची तैयार की गई है, जिन्होंने अभी तक पूरे छज्जे नहीं तोड़े। निगम के इंस्पेक्टर गुरुदेव सिंह ने बताया कि बुधवार को बाजार में मुनादी करवाएंगे। जो दुकानदार छज्जे नहीं तोड़ेगा, उसके छज्जे निगम पोकलेन मशीन लगातार तोड़ेगा और खर्चा भी वसूल करेगा।
....