चरखी दादरी। दिल्ली निवासी महिला के साथ बहन के घर गांव महराणा में सहमति संबंध में रहने वाले एक युवक का तीन गाड़ियों में सवार होकर आए लोगों ने शुक्रवार शाम अपहरण कर लिया। युवक के जीजा ने साले के अपहरण का आरोप दिल्ली निवासी महिला के भाई और पति समेत उनके साथियों पर लगाया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए अगवा किए युवक को छह घंटे में दिल्ली से बरामद कर तीन अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से एक गाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में महराणा निवासी दीपक ने बताया कि झज्जर के बिरोहड़ निवासी उसका साला अमित दिल्ली के छावला निवासी एक महिला के साथ गत 15 जून से उनके घर में सहमति संबंध में रह रहा था। 18 जून की सुबह वह, उसकी पत्नी सोनू और उसके साले के साथ सहमति संबंध में रहने वाली महिला के साथ खरीदारी करने दादरी चले गए। दीपक ने बताया कि उसका साला अमित घर पर ही था।
शाम करीब छह बजे जब वे तीनों लौटे तो घर के दरवाजे खुले मिले और अमित घर पर नहीं था। उन्होंने जब आस-पड़ोस में पूछताछ की तो उन्हें पता चला कि तीन गाड़ियों में सवार होकर 10-12 लोग उनके घर आए थे। उक्त लोग जबरन अमित को गाड़ी में डालकर अपने साथ ले गए। दीपक ने मामले की सूचना तुरंत सदर थाना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दीपक की शिकायत पर महिला के भाई और पति समेत अन्य के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मुखबिर नेटवर्क को अलर्ट करने के साथ गाड़ियों को भी ट्रेस करना शुरू कर दिया। रात 12 बजे पुलिस टीम ने एक गाड़ी को ट्रेस करते हुए न केवल अमित को बरामद किया, बल्कि उसमें सवार तीन अपहरणकर्ताओं को भी काबू कर लिया।
महिला के भाई ने युवक के जीजा को फोन कर बताया आने का ठिकाना
पुलिस शिकायत में दीपक ने बताया कि उसके साले अमित का अपहरण करने के बाद दिल्ली निवासी महिला के भाई ने उसके पास फोन भी किया। दीपक के अनुसार महिला के भाई ने उससे कहा कि अमित का अपहरण उसने और उसके जीजा (दिल्ली निवासी महिला का पति) ने किया है। वे उनके पास आकर महिला को छोड़ जाए और अपने साले को घर ले जाए। दीपक ने बताया कि उक्त शख्स ने उन्हें झज्जर जिले के ग्वालिसन गांव बुलाया था।
अमित से की गई मारपीट, अस्पताल में पुलिस ने करवाया भर्ती
दिल्ली से बरामद किए गए बिरोहड़ निवासी अमित के साथ अपहरणकर्ताओं ने मारपीट भी की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसकी थप्पड़, मुक्कों और लात के अलावा डंडों से पिटाई की गई जिसमें उसे चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल अमित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।
सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में गौरव और संजीव समेत उनके 10-12 अन्य साथियों पर अपहरण का केस दर्ज करते हुए मामले की तत्काल जांच शुरू कर दी थी। युवक अमित को पुलिस टीम ने न केवल दिल्ली से बरामद कर लिया, बल्कि तीन अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया। अमित के चोटें लगी हैं और उसे अस्पताल में भ र्ती करवाया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान छावला निवासी संदीप, संजीव और राहुल के रूप में हुई है।
पवन कुमार, पुलिस प्रवक्ता