माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। खिड़वाली गांव में शनिवार शाम को कहासुनी पर जमानत पर आए हिस्ट्रीशीटर नवीन उर्फ कमांडो को गोली मारने के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हिस्ट्रीशीटर रहे दीपक उर्फ कमांडो, रिकित व भालौठ गांव निवासी गौरव को दो देसी पिस्तौल व दो कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी।
एएसपी वाईवीआर शशि शेखर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि खिड़वाली निवासी नीरज ने शिकायत दी थी कि सात फरवरी को उसका छोटा भाई नवीन घर आया था। गांव के दीपक उर्फ कमांडो व विकास उर्फ ढीला से उसकी कहासुनी हो गई है। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
शाम को जब नवीन बाइक पर बाबा ज्ञानदास के मंदिर की ओर गया तो पीछा कर रहे कार सवार दीपक, विकास, रितिक व अरुण सहित अन्य ने उसका रास्ता रोक लिया। नवीन जान बचाकर भागने लगा तो दीपक ने उसे गोली मार दी। चेहरे व हाथ पर छर्रे लगने घायल नवीन को पीजीआई में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
-
हिस्ट्रीशीटर दीपक की शराब ठेकों में भी है हिस्सेदारी
एएसपी ने बताया कि सीआईए द्वितीय प्रभारी एसआई सतीश कादियान के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी कमांडो से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, रितिक से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ है। जांच में पता चला है कि आरोपी कमांडो का आपराधिक रिकाॅर्ड रहा है। उस पर हत्या का प्रयास, स्नेचिंग, अवैध हथियार सहित चार मामले रोहतक में तो दो अवैध हथियार रखने के सोनीपत पुलिस ने दर्ज कर रखे हैं। आरोपी ने शराब ठेकों में भी हिस्सेदारी कर रखी है। 11वीं पास 20 वर्षीय रितिक व 19 वर्षीय गौरव के खिलाफ अभी एफआईआर दर्ज हुई है।
बाक्स
नवीन उर्फ भंडर के खिलाफ 17 एफआईआर, सोनीपत, बहादुरगढ़ व उत्तराखंड में भी नामजद
एएसपी ने बताया कि घायल नवीन उर्फ भंडर का भी पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। नवीन के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, छेड़छाड़, मारपीट, एनडीपीएस एक्ट, अवैध हथियार रखने सहित करीब 17 मामले दर्ज हैं। इसमें 13 मामले रोहतक, दो सोनीपत, एक बहादुरगढ़ व एक उत्तराखंड में दर्ज है।