करवाचौथ पर्व 30 अक्तूबर को है। ऐसे में शहर के प्रमुख बाजारों में भी
रौनक दिनों दिन बढ़ती जा रही है। दिल्ली का चांदनी चौक कहे जाने वाले किला
रोड बाजार में सोमवार को दोपहर 12 बजे ही महिलाओं और लड़कियों से बाजार
खचाखच भरा हुआ था। आलम यह था कि बाजार में पैदल चलने के लिए खरीददारों को
काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।
करवाचौथ पर्व को लेकर सुहागिनों के
साथ-साथ दुकानदारों में भी काफी उत्साह है। सभी इस पर्व को भुनाने की
तैयारियों में लगे हुए है। कहीं बाजार में बैठे मेहंदी लगाने वालों के पास
महिलाएं और नव विवाहिताएं एडवांस बुकिंग करा रही हैं तो कहीं कंगन और
चूड़ियों पर आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। इस पर्व के चलते किला रोड, प्रताप
चौक, गांधी कैंप और डी पार्क के बाजारों में लगी छोटी-छोटी स्टालों पर भी
महिलाओं की काफी भीड़ देखी जा सकती है।
राजस्थानी और मारवाड़ी मेहंदी डिजाइन की डिमांड
किला
रोड पर मेहंदी लगाने वाले सोनू ने बताया कि राजस्थानी और मारवाड़ी मेहंदी
के साथ अरेबिक के डिजाइनों की काफी डिमांड है। वहीं मेहंदी लागने वाले
विक्की ने बताया कि करवाचौथ पर्व से दो दिन पहले ही सुहागिनें मेहंदी लगाने
के लिए आ जाती हैं। इस दौरान सुहागिनें भरवां हाथ लगवाना ज्यादा पसंद करती
है।