वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की जली हुई कोठी का जायजा लेने शनिवार को कैथल जिले के कई तपों के प्रमुख लोग, हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी और कॉलेज टीचर एसोसिएशन के सदस्य पहुंचे।
कैथल जिले के कुतुबपुर के अर्जुन, बलवान, देवीगढ़ के रणदीप सिंह, चुड़ियाराम, रेहड़ा के प्रेमसिंह और बलराज सिंह ने कहा कि कोठी में आगजनी आंदोलनकारियों का काम नहीं है, लेकिन वित्त मंत्री के घर को साजिश के तहत ही जलाया गया है। वित्त मंत्री तो इस पक्ष में थे कि जाटों को आरक्षण मिले, बावजूद इसके कोठी को जलाना बेहद दुखद है। हरियाणा फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी और कालेज टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रमेश कुमार ने कहा कि कोठी जलाने की घटना को आम नहीं कहा जा सकता है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।