पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जाट आरक्षण को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र सांपला में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हुड्डा ने कहा कि अगर भाजपा सरकार कांग्रेस सरकार की ओर से लागू किए गए जाट आरक्षण मामले में कोर्ट में शपथ पत्र नहीं बदलती तो प्रदेश में जाट आरक्षण लागू रहता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान कई जातियों को आरक्षण दिया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने अदालत में शपथ पत्र बदलकर जाट आरक्षण के मामले में अड़ंगा अड़ाया है और मामला अब अदालत में विचाराधीन है। भाजपा ने जानबूझ कर ऐसा किया है। हुड्डा ने चेतावनी दी कि फरवरी में हुए जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान बेकसूरों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को सरकार ने वापिस नहीं लिया और नुकसान की भरपाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन छेड़ेगी।
अंबाला से शुरू करेंगे अभियान
हुड्डा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जान चुकी है कि भाजपा ने झूठ बोलकर लोगों से वोट हथियाए हैं और अब एक भी वायदा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हरियाणा जागो अभियान के तहत प्रत्येक जिले में लोगों को सरकार की कारगुजारियों के बारे में अवगत कराएंगे। जल्द ही अंबाला में कार्यक्रम होगा। जाट आरक्षण आंदोलन के चलते कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।
बंद कमरे में क्या बात हुई, यह तो यशपाल मलिक ही बता सकते हैं
जाट आरक्षण के मुद्दे को लेकर यशपाल मलिक की सरकार के साथ हुई बातचीत पर पूर्व सीएम ने कहा कि जब हमारी सरकार थी, उस वक्त भी मलिक हमारे पास भी आते थे। अब दिल्ली में बंद कमरे में क्या बात हुई यह तो यशपाल मलिक ही बता सकते हैं। लेकिन आरक्षण को लेकर सरकार, यशपाल मलिक और खाप किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए। जाट आरक्षण को लेकर मुझ पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। सरकार अपनी कमजोरी छिपाने के लिए हम पर निशाना साध रही है। जबकि यह साफ हो चुका है कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान जो हिंसा हुई थी भाजपा उसकी सीधे सीधे जिम्मेदार है।
सेहत के लिए योग खास
स्वास्थ्य योग दिवस पर लोगों को बधाई देते हुए हुड्डा ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग का विशेष महत्व है। कांग्रेस शासनकाल में हमने खेल नीति बनाकर हर वर्ग का खेल अपनाने का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने सुनाई समस्या
ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। डेढ़ महीने में एक बार ही नहर में पानी आ रहा है। इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर विधायक रघुबीर सिंह कादियान, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व प्रधान प्रवीण कोच और रामनिवास शर्मा मौजूद रहे।