12-मध्यप्रदेश के रीवा जिले में दो जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना में देवलोक गमन के बाद विरोध प्
रोहतक। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में दो जैन साध्वियों के सड़क दुर्घटना में देवलोक गमन के बाद सोमवार को शहर में जैन समाज ने मौन धारण कर विरोध जताया और जिला उपायुक्त सचिन गुप्ता के माध्यम से को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
मौन प्रदर्शन झज्जर रोड स्थित दिगम्बर जैन जती से शुरू होकर डीसी ऑफिस तक पहुंचा। मौन प्रदर्शन की अध्यक्षता जैन सभा के प्रधान रवि जैन व सचिव मनीष जैन ने की। उन्होंने बताया कि 20 मई को रीवा में आर्यिका श्रुतमति और आर्यिका सौम्यमति को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में दोनों साध्वियों की मृत्यु हो गई।
घटना के बाद देशभर के जैन समाज में दुख और आक्रोश का माहौल है। जैन सभा के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, साधु-साध्वियों की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने व संत सुरक्षा प्रोटोकॉल तुरंत लागू करने की मांग की गई।
धरने में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत साध्वियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय की मांग दोहराई।