रोहतक। गढ़ी माजरा के पास झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले असम के युवक रोबियल (28) की हत्या के आरोपी मांडोठी निवासी रोहित से पूछताछ कर रही पुलिस संतुष्ट नहीं है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से बताया कि आरोपी से और गहनता से पूछताछ करनी है। ऐसे में रिमांड अवधि बढ़ाई जाएगी। अदालत ने पुलिस की अर्जी मंजूर करते हुए हत्या आरोपी को एक दिन के और रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक असम के बरपेटा जिले के गांव मौनपुरी निवासी रशीदा बेगम ने रविवार को आईएमटी थाने में शिकायत दी थी कि वह अपने पति के साथ गढ़ी माजरा गांव के नजदीक झुग्गी बनाकर रह रही है। साथ में दो बेटे व एक बेटी है। उसका पति रोबियल शराब पीने का आदी था। शनिवार को सुबह 11 बजे वह झुग्गी से गया था, लेकिन नहीं लौटा। कार्यकारी थाना प्रभारी आईएमटी सब इंस्पेक्टर रत्न सिंह ने बताया कि एक दिन के रिमांड के दौरान आरोपी से गहराई से पूछताछ की गई, लेकिन जांच टीम सवालों के जवाब से संतुष्ट नहीं थी। ऐसे में मंगलवार को अदालत से आरोपी की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की गई। अदालत ने आरोपी रोहित की रिमांड अवधि एक दिन और बढ़ा दी। अब आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।