11.एमडीयू में इंटर-कॉलेज टेबल टेनिस प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि प्रो. जितेंद्र का स्वागत
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के खेल परिसर में मंगलवार को इंटर-कॉलेज टेबल टेनिस (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में डीन, फैकल्टी ऑफ एजुकेशन प्रो. जितेंद्र कुमार मुख्य अतिथि तथा राममेहर दहिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में छह कॉलेजों की टीमें भाग ले रही हैं।
मुख्य अतिथि प्रो. जितेंद्र कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशिष्ट अतिथि राममेहर दहिया ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज, रोहतक और जीसी बहादुरगढ़ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने दोनों मुकाबले जीते।
पहले मुकाबले में वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज, रोहतक ने एसएमएम पलवल को हराया। दूसरे मुकाबले में जीसी बहादुरगढ़ ने डीएवी सीसी, फरीदाबाद को शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज ने वैश्य डिग्री कॉलेज, रोहतक को पराजित किया, जबकि चौथे मुकाबले में जीसी बहादुरगढ़ ने यूटीडी, एमडीयू रोहतक की टीम को हराया।
एमडीयू के खेल निदेशक प्रो. कुलताज सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।