दिल्ली के इंडिया रनवे वीक में सदियों पुराने कपड़ों का डिजाइन अब माडर्न लुक में नजर आएगा। शहर की फैशन डिजाइनर ललिता चौधरी और उनकी टीम ने विलुप्त हो चुके लगभग 300 साल पुराने फैब्रिक को वर्तमान परिधान का लुक देकर तैयार किया है, जिसे हरियाणा की तरफ से इंडिया रनवे वीक में प्रजेंट किया जाएगा
15 से 17 अप्रैल तक होने वाले इंडिया रनवे वीक में देश भर से फैशन डिजाइनर अपने-अपने परिधानों का प्रदर्शित करेंगे। शहर की फैशन डिजाइनर ललिता चौधरी और उनकी टीम भी बडिंग डिजाइन कैटेगरी में भाग ले रही है। ललिता के साथ अमित परमार और संदीप मोहर की यह टीम रेजा न्यू थीम पर कपड़े प्रदर्शित करेगी। ललिता की मानें तो हरियाणा की तरफ से वह अकेली ऐसी फैशन डिजाइनर हैं, जो 300 साल पुराने कपड़ों की डिजाइन को लेकर काम कर रही हैं। सदियों पहले सूत के कपड़े तैयार किए जाते थे, लेकिन आज के दौर में उन्हें कोई पसंद नहीं करता।
धीरे-धीरे हमारी वह पहचान विलुप्त होती जा रही है। इसे बचाने के लिए ही पुराने कपड़ों की तैयार सूत से कपड़े तैयार किए गए हैं। बस इसे माडर्न लुक दिया गया है, जिससे आज की पीढ़ी भी उन्हें पसंद कर सके। पुरुषों और महिलाओं के कपड़ों पर भीती चित्र (पुराने जमाने में दीवार पर बनाए जाने वाले चित्र) ऊंट, घोड़ा और स्वास्तिक आदि डिजाइन किए गए हैं। इनकी खास बात यह है कि इन कपड़ों को मशीन की बजाय हाथ से तैयार किया गया है।
अभिनेत्री पायल रोहतगी भी पहन चुकी है यह कपड़े
पिछले दिनों मुंबई में हुए फैमिना मिस इंडिया में अभिनेत्री पायल रोहतगी भी ललिता की टीम के द्वारा तैयार किए गए इसी फैब्रिक का जंप सूट पहन चुकी हैं। इसके अलावा टीवी सीरियल में किरदार निभाने वाले कई कलाकार भी इनके द्वारा तैयार किए गए कपड़े पहन चुके हैं। ललिता चौधरी इससे पहले बंगलौर फैशन वीक में भी अपने डिजाइन किए हुए कपड़े प्रदर्शित कर चुकी हैं।